चंडीगढ़। सेक्टर-37 में करोड़ों की कोठी कब्जाने के मामले में शराब कारोबारी अरविंद सिंगला से पूछताछ जारी है। एसआईटी की जांच में अभी तक कोठी का फर्जी दस्तावेज बरामद नहीं हो सका है। एसआईटी अब अरविंद सिंगला के रिमांड को बढ़ाने की तैयारी कर रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस संजीव महाजन को भी प्रोडक्शन वारंट पर लाकर दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर सकती है, ताकि मामले में कुछ और खुलासे हो सकें।
दोनों एक-दूसरे को साल 2016 से जानते हैं और संजीव महाजन के कहने पर अरविंद सिंगला को इस कोठी के बारे में पता लगा था। एसआईटी दोनों को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ करना चाह रही है, ताकि सुरजीत बाउंसर के बारे में भी पूछताछ हो सके। दूसरी ओर, नकली राहुल मेहता बने मोहाली निवासी गुरप्रीत सिंह को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशकर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नकली राहुल मेहता बनने के लिए डीएसपी के भाई सतपाल डागर ने कहा था। लालच में आकर उसने आरोपियों का साथ दिया और एफआईआर दर्ज होने के बाद वह पुलिस से बचने के लिए महाराष्ट्र के अमरावती, छत्तीसगढ़ फिर मध्यप्रदेश के सतना और हापुड़ में छिपा था। यह भी बताया कि फरार होने के बाद आरोपी एक दूसरे के संपर्क में नहीं थे। बता दें गुरप्रीत सिंह ने बीते वीरवार को जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद एसआईटी ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया था।
अरविंद सिंगला को कल पेशी करेगी पुलिस
एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार चल रहे अरविंद सिंगला ने शुक्रवार को जिला अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद एसआईटी ने उसका चार दिन का रिमांड हासिल किया है। पूछताछ में अरविंद सिंगला ने प्रॉपर्टी डीलर अशोक अरोड़ा समेत अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी से इनकार किया है। एसआईटी अशोक अरोड़ा, दलजीत सिंह, शेखर और सौरभ गुप्ता की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं, संजीव महाजन और सतपाल की जमानत पर फैसला 16 जून को होना है।
सुरजीत केस में संजीव के नारको टेस्ट पर फैसला आज
उधर, सुरजीत बाउंसर की पत्नी ने संजीव महाजन पर सुरजीत की हत्या में शामिल होने का शक जताया था। इसके बाद मलोया पुलिस ने संजीव महाजन का दो दिन का रिमांड हासिल किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिससे साबित हो कि संजीव का इस केस से कोई लेना-देना हो। पुलिस ने याचिका दायर कर संजीव महाजन का नारको टेस्ट करवाने की मांग की थी। मामले में सोमवार को नारको टेस्ट की याचिका पर सुनवाई है।