चंडीगढ़ की युवा शूटर्स ने एक बार फिर से अपनी प्रतिभा सिद्ध कर दी है। जर्मनी में जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में शहर की तिकड़ी ने सटीक निशाना लगाया। यशस्विनी देसवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल के एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। वहीं यशस्विनी ने गौरी और मलिका के साथ मिलकर टीम इवेंट में 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में भी सिल्वर मेडल पर जीता है।
ये तीनों शूटर डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में बीए प्रथम वर्ष की छात्राएं हैं और इसी कॉलेज के फि जिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर अमनिंदर मान से प्रशिक्षण लेेती हैं। जूनियर शूटिंग वर्ल्ड कप में मेडल जीतने पर डीएवी कॉलेज में खुशी का माहौल है वहीं अमनिंदर मान का कहना है ये तीनों देश के प्रतिभाशाली शूटरों में शुमार हैं। उनके अनुसार इन शूटरों ने इस इवेंट के लिए काफी मेहनत की थी।
विदेशों में धाक जमा चुकी हैं
यशस्विनी और गौरी देश में ही नहीं विदेशों में भी अपने सटीक निशाने से सबको अपना कायल बना चुकीं हैं। पिछले कुछ सालों से भारतीय महिला शूटिंग टीम का अहम हिस्सा बनती आ रही हैं। जर्मनी और अन्य देशों में कई अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में देश के लिए मेडल जीत चुकीं हैं।