चंडीगढ़ के शूटर विजयवीर सिद्धू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
निशानेबाजी में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। दिल्ली की डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में खेले जा रहे विश्व कप में शुक्रवार को चंडीगढ़ के शूटर विजयवीर सिंह सिद्धू ने 25 मीटर रैपिड फायर में देश के लिए रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीता। इससे परिवार में खुशी का माहौल है।
विजयवीर के कोच दलीप सिंह चंदेल ने बताया कि फाइनल मुकाबले में विजयवीर को काफी संघर्ष करना पड़ा। विजयवीर काफी मेहनती निशानेबाज है। वह पंजाब विश्वविद्यालय की शूटिंग रेंज में उनके पास निशानेबाजी का प्रशिक्षण लेने आया था। शुरू के कुछ महीनों में ही उसने सटीक निशाने लगाने सीख लिए थे।
चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में विजयवीर बीए की पढ़ाई कर रहे हैं। 2019 में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजयवीर ने तीन स्वर्ण पदक जीते थे। ये पदक 25 मीटर पिस्टल इवेंट में सिंगल, मिक्स और टीम मुकाबलों में आए।
विजयवीर सिद्धू की पिछले तीन सालों की उपलब्धियां
- 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल टीम इवेंट में रिकार्ड व स्वर्ण पदक
- 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक
- 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक
- 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल मिक्स इवेंट में रजत पदक
- 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के एकल वर्ग में सिल्वर पदक
- 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल के टीम इवेंट में स्वर्ण पदक
- 50 मीटर फ्री पिस्टल के एकल वर्ग में स्वर्ण पदक