चंडीगढ़। दूसरी एशियन रिले चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को सफल और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन की ओर से गठित लोकल ऑर्गनाइजिंग कमेटी की अहम बैठक खेल सचिव की अध्यक्षता में सेक्टर-9 स्थित न्यू यूटी सचिवालय में हुई। बैठक में चैंपियनशिप के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए गठित समिति में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है। चंडीगढ़ के खेल सचिव को समिति का चेयरपर्सन और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट बहादुर सिंह सग्गू को वाइस चेयरपर्सन बनाया गया है। खेल निदेशक को ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी की जिम्मेदारी दी गई है।
समिति में नगर निगम कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर, ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी, हॉस्पिटैलिटी, टूरिज्म एवं कल्चरल अफेयर्स के सचिवों के अलावा एसएसपी ट्रैफिक और एसएसपी लॉ एंड ऑर्डर को सदस्य बनाया गया है, ताकि खिलाड़ियों की सुरक्षा, यातायात और ठहरने के विश्वस्तरीय पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।
देश के शीर्ष खेल पदाधिकारियों की मौजूदगी
चैंपियनशिप की तकनीकी तैयारियों और खेल से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और चंडीगढ़ एथलेटिक एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी समिति में शामिल किया गया है। इनमें एएफआई के डायरेक्टर कॉम्पिटिशन रविंदर चौधरी, सेक्रेटरी जीएस पटनायक, चंडीगढ़ एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, सेक्रेटरी जसपिंदर सिंह और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रमेश हांडा शामिल हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक और यूटी के चीफ इंजीनियर को भी समिति का हिस्सा बनाया गया है।
एशिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों का गवाह बनेगा द सिटी ब्यूटीफुल
मई 2027 में प्रस्तावित दूसरी एशियन रिले चैंपियनशिप में एशिया के विभिन्न देशों के शीर्ष धावक चंडीगढ़ में अपनी रफ्तार का दम दिखाएंगे। खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से शहर को वैश्विक खेल मंच पर पहचान मिलने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। चैंपियनशिप के जरिए शहर के खेल ढांचे और सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।