एसयूवी और प्रीमियम कारों की मांग सबसे ज्यादा
चंडीगढ़ रीजन ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजीव दहूजा के अनुसार, शहर के लगभग 40 शोरूमों में तीन दिन में 900 से 1000 गाड़ियां बिकने की संभावना है। इसमें एसयूवी और प्रीमियम कारों की मांग सबसे ज्यादा रही। अनुमान है कि इस बिक्री से लगभग 200 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र फेज वन बर्कले टाटा शोरूम के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स) समीर ठाकुर का कहना है कि इस बार कारोबार काफी अच्छा है। उनके यहां 100 से ज्यादा गाड़ियों की डिलीवरी है।
रजिस्ट्री पहले करवाई अब धनतेरस पर चाबी ली
लोगों ने धनतेरस पर बड़े स्तर पर जमीन और फ्लैट खरीदने में भी निवेश किया। रियल एस्टेट कारोबारियों के अनुसार, ट्राइसिटी में इस दौरान लगभग 100 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। ज्यादातर खरीदारों ने रजिस्ट्री पहले कर ली थी और चाबी धनतेरस या दिवाली पर ली।
बर्तन और गिफ्ट मार्केट में रौनक
धनतेरस के दिन पारंपरिक बर्तन खरीदने की परंपरा बरकरार रही। दुकानों पर तांबे और पीतल के बर्तन, गिफ्ट पैक आइटम और सजावट सामग्री की बिक्री जोर-शोर से हुई। कई ग्राहकों ने 50 हजार से एक लाख रुपये तक का सामान खरीदा। इसके साथ टीवी, फ्रिज, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी बिक्री में बढ़ोतरी हुई। शहर के इलेक्ट्रॉनिक शोरूमों ने अनुमानित 15 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार दर्ज किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्डा ने बताया कि इस बार ग्राहकों का उत्साह जीएसटी स्लैब में बदलाव के कारण बढ़ा और बाजारों में भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में लगभग 5-6 गुना ज्यादा रही।