चंडीगढ़ में सेक्टर-26 मंडी में सब्जियों और फलों के रेट परचून विक्रेता मनमर्जी से वसूल नहीं पाएंगे। मार्केट कमेटी द्वारा तय रेट पर भी यहां पर कारोबार होगा ऐसे में शहरवासियों को महंगाई से राहत मिलेगी। मार्केट कमेटी ने इस संबंध में प्रस्ताव पास करके मंजूरी के लिए डीसी अजीत बाला जी जोशी को भेजा है। इसके साथ ही मार्केट कमेटी ने यह भी निर्णय लिया है कि मंडी में इस समय जो एक हजार फड़ी वाले काम कर रहे हैं, उन्हे आधिकारिक तौर पर अपना कारोबार करने की मंजूरी दी जाएगी।
पिछले 40 साल से यहां पर फड़ी लग रही हैं। इसके लिए बाकायदा हर फड़ी वाले को पहचान पत्र भी कमेटी की ओर से जारी किया जाएगा। हर फड़ी वाले से प्रतिदिन 60 रुपये के हिसाब से चार्ज किया जाएगा। ऐसा करने से मार्केट कमेटी को हर माह 15 से 18 लाख रुपये की कमाई होनी भी शुरू हो जाएगी। इस समय जो फड़ी वाले मंडी में काम कर रहे हैं वे अतिक्रमण के दायरे में आते हैं, जिन पर समय समय पर कार्रवाई भी की जाती है।
मार्केट कमेटी की ओर से जो प्रस्ताव डीसी आफिस भेजा गया है यह प्रस्ताव डीसी के निर्देश पर ही कमेटी ने पास किया है। डीसी की मंजूरी मिलने के बाद अगले माह से यह नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
फड़ी लगाने के स्थान बदलेंगे
मार्केट कमेटी के अनुसार नई व्यवस्था के अंतर्गत एक हजार फड़ी वालों को कारोबार करने के लिए नई जगह अलाट की जाएगी और जो इस समय टीन शेड के सामने सड़क के बीचो बीच तंगी में दुकानें लगती हैं उनको खाली करवाया जाएगा। यहां पर फड़ी वाले पिछले 40 साल से काम कर रहे हैं। यह जगह आम पब्लिक और आढ़तियों के चलने के लिए खुली रहेगी। इस समय यहां पर दुकानें लगने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां पर लगेंगी दुकानें
कमेटी के प्रस्ताव के अनुसार इसके लिए तीन स्थानों का चयन किया गया जो अब तक पार्किंग के लिए इस्तेमाल की जाती रही हैं। इनमे शोरूम नंबर-1 के पास, जोगिंदरा फ्लोर मिल और पुलिस लाइन एवं सरकारी स्कूल के पास बड़ी पार्किंग की जगह को फड़ी वालों को कारोबार करने के लिए दी जाएगी। सरकारी स्कूल के सामने की पार्किंग में सिर्फ शाम को ही कारोबार करने की मंजूरी दी जाएगी, ताकि सुबह स्कूल के बच्चों को परेशानी न हो। जबकि शाम को तय अन्य दो पार्किंग में दुकान लगाने की मंजूरी नहीं दी जाएगी। यहां पर हर फड़ी की ई मार्किंग भी की जाएगी।
शहर में अपनी मंडी अगले सप्ताह से
शहर के सेक्टरों में लगने वाली अपनी मंडी की तरह मार्केट कमेटी भी अगले सप्ताह से मंडी लगाएगी। डीसी ने इसे मंजूरी दे दी है। नए सलाहकार के शहर में आने के बाद इसे शुरू कर दिया जाएगा। मार्केट कमेटी के अनुसार पंजाब मंडी बोर्ड अभी जिस दिन जहां पर अपनी मंडी लगाता है, वहां पर ही मार्केट कमेटी फीस चार्ज करके तीसरे दिन अपनी मंडी लगाएगी।
नई व्यवस्था के लागू होने से जहां मार्केट कमेटी की कमाई में इजाफा होगा वहीं शहरवासियों को भी मनमाने रेटे से राहत मिलेगी। कमेटी होलसेल रेट को देखकर खुद कंट्रोल पर परचून के रेट तय करेगी। कमेटी की ओर से तय रेट से अधिक मूल्य पर जो सब्जी और फल बेचेगा उसको दुकान लगाने की परमिशन नहीं दी जाएगी। डीसी की मंजूरी मिलने के बाद फड़ी वालों को भी कारोबार मिलेगा।
- रामवीर भट्टी, चेयरमैन,मार्केट कमेटी