चंडीगढ़। तेज गेंदबाज संदीप शर्मा की ओर से पांच विकेट की बदौलत इंदौर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में चंडीगढ़ ने मेजबान मध्य प्रदेश को पहले दिन सात विकेट के नुकसान पर 289 रन पर रोका। इससे पूर्व मध्य प्रदेश ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
सलामी बल्लेबाज यश दुबे और हिमांशु मंत्री ने सधी हुई शुरुआत के साथ 14वें ओवर तक 63 रन बनाए। संदीप शर्मा ने अपने निरंतर दो ओवर में दोनों बल्लेबाजों यश (44) रन, हिमांशु मत्री (12) रन पर आउट कर स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 64 कर दिया। इसके बाद हरतेजस्वी ने शुभम शर्मा (1) रन पर विकेटकीपर अर्जित सिंह के हाथों कैच करवाया। संदीप शर्मा ने कप्तान आदित्य श्रीवास्तव को एलबीडब्लयू आउट कर पारी का तीसरा शिकार बनाया। इससे मध्य प्रदेश चार विकेट के नुकसान पर 94 रन पर संघर्षरत दिखा। इसके बाद रजत पटिदार और अक्षत रघुवंशी ने टीम को संकट से उबारते हुए 94 रन की पारी खेली और स्कोर 188 तक ले गए। इस साझेदारी का अंत भी संदीप शर्मा द्वारा हुआ। जब उन्होंने रजत पटिदार 88 को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद अनुभव अग्रवाल (25) को आउट कर संदीप शर्मा ने पारी का पांचवां विकेट हासिल किया। नाबाद बल्लेबाज अक्षत रघुवंशी (65) के साथ मध्य प्रदेश दिन का खेल खत्म होने तक सात विकेट के नुकसान पर 289 रन बना चुका था।