चंडीगढ़। विकेटकीपर बल्लेबाज अर्जित सिंह की शतकीय पारी की बदौलत रणजी ट्रॉफी मैच में चंडीगढ़ ने पंजाब के खिलाफ अपनी पारी को संभाल लिया है।
मुल्लांपुर स्थित पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के तीसरे दिन वीरवार को अपने ओवर नाइट स्कोर 62/2 को आगे बढ़ाते हुए अर्जित सिंह और अंकित कौशिक ने लंच तक अपना दबदबा कायम रखा। दोनों बल्लेबाजों ने 99 रन की साझेदारी की। लंच के बाद 54वें ओवर में अंकित कौशिक को तेज गेंदबाज अभिषेक शर्मा ने बोल्ड कर दिया। इससे स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 138 रन हुआ। अंकित ने 48 रन की पारी खेली। अर्जित दूसरे छोर पर टिके रहे और गौरव पुरी के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी करते हुए स्कोर को 225 तक ले गए। अर्जित ने 279 गेंदों पर 121 रन बनाए। इस पारी में 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। इसके बाद कुनाल महाजन (25) और भागमेंदर लादेर (8) जल्द पवेलियन लौट गए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ 6 विकेट पर 310 रन बना चुका है। गौरव पुरी 76 और गुरिंदर सिंह 12 पर नाबाद रहे।