चंडीगढ़। सेक्टर-36/37 लाइट प्वाइंट के पास बीच सड़क पर ब्रेड से भरा एक कैंटर पलट गया। आरोप है कि हादसा तेज रफ्तार बस की टक्कर से हुआ। हादसे में चालक और क्लीनर गाड़ी के अंदर फंस गए। राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकालकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। गनीमत रही कि हादसे से बड़ा हादसा होने से टल गया। सेक्टर-36 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े 9.30 बजे का है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-36/37 लाइट प्वाइंट के पास एक ट्रक पलटा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर चालक का बयान दर्ज किया। चालक अजय ने बताया कि वह ब्रेड सप्लाई करता है। सोमवार सुबह ब्रेड की सप्लाई देने सेक्टर-35 से सेक्टर-38 जा रहा था। आरोप है कि सेक्टर-36/37 लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो, लाइट ग्रीन थी। इसी बीच दूसरी तरफ से एक तेज रफ्तार बस गुजरी, जिसने कैंटर में टक्कर मार दी, जिससे उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पर चढ़कर खंभे से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान वहां से कोई गुजर नहीं रहा था।