चंडीगढ़। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) 2025 में चंडीगढ़ पवेलियन इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शहर की सांस्कृतिक विरासत, नवाचार और उद्यमशीलता का अनोखा संगम यहां देखने को मिल रहा है। डीसी निशांत कुमार यादव ने प्रगति मैदान, नई दिल्ली में पवेलियन का दौरा किया और एमएसएमई इकाइयों से बातचीत कर उन्हें राष्ट्रीय मंचों पर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
राष्ट्रीय थीम एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत पवेलियन में कुल 10 स्टॉल लगे हैं जिनमें 5 प्रशासनिक विभाग/बोर्ड और 5 एमएसएमई इकाइयां शामिल हैं। यहां पंजाबी दबका कढ़ाई वाले सूट, हैंडलूम कारपेट, विरासत फर्नीचर, पीतल कलाकृतियां, इमरजेंसी लाइट्स, सुगंधित उत्पाद और चंडीगढ़-थीम आधारित उपहार सामग्री प्रदर्शित हैं। म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी, सिटको और चंडीगढ़ पर्यटन ने शहर की कला, वास्तुकला, गार्डन टूरिज्म सर्किट और हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सहित विविध पहलुओं को दर्शकों के सामने पेश किया है।