पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से जुलाई में छात्रावासों में मानसिक स्वास्थ्य काउंसलिंग शुरू की जा रही है। इसको लेकर पीयू डीएसडब्ल्यू द्वारा 4 जुलाई को वॉक इन इंटरव्यू का आयोजन करवाया जा रहा है। इसमें दो पदों पर मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर को नियुक्त किया जाएगा।
पीयू में कोरोना काल से पहले छात्रावास के छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर होते थे, जो नियमित रूप से स्टूडेंट सेंटर पर बने दफ्तर में बैठते थे और छात्रों की काउंसलिंग करते थे। लेकिन पिछले साल से पीयू में काउंसलर नहीं रखा गया। वहीं दूसरी तरफ कोरोना महामारी के बाद छात्रावास में लौटने पर विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं अधिक बढ़ गई हैं।
यह भी पढ़ें: Moga: बस स्टैंड पर खालिस्तानी नारे लिखने के दो आरोपी गिरफ्तार, SFJ के आतंकी पन्नू के इशारे पर किया था काम
जीएच-7 की छात्रा नियमित करवा रही काउंसलिंग
जीएच-7 की एक छात्रा ने बताया कि उसे पैनिक अटैक आ जाता है। पीयू डिस्पेंसरी में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े डॉक्टर नहीं हैं। इसलिए वह बाहर निजी डॉक्टर से लगातार काउंसलिंग ले रही हैं। छात्रावास में बहुत बार ऐसा पर्यावरण नहीं मिल पाता कि आप अपनी परेशानियों को दूसरों के साथ साझा कर सको। परिवार के सदस्य दूसरे राज्य में रहते हैं।
जीएच-4 की छात्रा का पीजीआई से चल रहा इलाज
जीएच-4 की छात्रा ने बताया कि उसका पहला वर्ष पूरा हुआ है। घर से पहली बार बाहर रहने के लिए छात्रावास में आई थी। लेकिन छात्रावास में छात्राओं के साथ कई बार तनावपूर्ण घटनाएं हो जाती हैं और आप के साथ बातें साझा करने वाला भी कोई नहीं होता है। इसलिए पैनिक अटैक आ जाता है और रोना भी कंट्रोल नहीं होता है। पीजीआई के सायकोलॉजी विभाग से इलाज चल रहा है।
कोरोना के बाद छात्रों में बढ़ी तनाव की समस्या
कोरोना महामारी के बाद छात्रावास में आने वाले विद्यार्थियों में तनाव की समस्याएं बढ़ी हैं। इसलिए अब दोबारा छात्रावास खुलने से पहले विद्यार्थियों के लिए दो काउंसलर रखे जा रहे हैं। दोनों काउंसलर हर छात्रावास में जाकर छात्रों की काउंसलिंग करेंगे। कई मामलों में देखा है कि छात्र छात्रावास में बेहतर दोस्त या सहकर्मी नहीं बना पा रहे हैं, जिसके साथ खुल कर बात कर सकें, इसलिए तनाव बढ़ रहा है। कोरोना के बाद छात्रों में संवादहीनता आ गई है। हालांकि पीयू के सभी विभागों में हर छात्र को शिक्षक मेंटर मुहैया करवाया गया है, जिनके साथ छात्र अपनी किसी भी तरह की परेशानी को साझा कर सकते हैं। वहीं विभागों में काउंसलिंग सेल भी है।
-डॉ. -सिमरत काहलों, डीएसडब्ल्यू वुमन