हरियाणा में लॉकडाउन का समय एक घंटा कम कर दिया है। अब रात नौ बजे के बजाय 10 बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगा। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों की सहूलियत को देखते हुए ऐसा किया गया है। उन्होंने कहा कि रात्रि शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी दस बजे से पहले पहुंचें और सुबह 5 बजे छुट्टी कर घर जाएं। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में किसी सूरत में लॉकडाउन नहीं लगेगा। लोग अफवाहों पर नहीं, सरकार पर विश्वास करें।
पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि कोरोना का प्रसार रोकने को लेकर सख्ती बढ़ाएंगे। मई अंत तक 45 साल से ऊपर के 60 लाख लोगों को टीका लगाया जाएगा। सरकार के पास कोविड वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इन्हें रोकने के लिए कर्फ्यू लगाया है। गैरजरूरी सेवाओं को बिल्कुल इजाजत नहीं देंगे। अधिकारियों को कोविड मानक सख्ती से लागू करवाने के आदेश दिए हैं। अंतरराज्यीय सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। किसी को पलायन करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने इस बात को नकारा कि हरियाणा से श्रमिक पलायन कर रहे हैं।
यह हैं पाबंदियां
विज ने कहा कि अंतिम संस्कार में 200 लोग ही शामिल हो सकेंगे। इंडोर कार्यक्रम में अधिकतम 200 व क्षमता का 50 फीसदी के अलावा खुले में होने वाले कार्यक्रम में 500 लोग जुट सकेंगे। अभी तक राज्य में 26 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। 11 से 14 अप्रैल तक 10 लाख लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य है।