सारंगपुर थाने के पहली मंजिल पर एएसआई सुखबीर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सुखबीर सिंह के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है। सारंगपुर थाना पुलिस ने 174 सीआरपीसी के तहत जांच शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे की है। बताया गया कि सुखबीर सिंह (53) की गुरुवार को नाइट ड्यूटी थी।
रात करीब तीन बजे वह थाने के पहली मंजिल पर बने अपने कमरे में चले गए। अगली सुबह जब सुखबीर के कमरे का दरवाजा खटखटाया गया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जब दरवाजा तोड़ा गया तो सुखबीर सिंह अंदर बेड पर बेसुध पड़े थे। इसके बाद मामले की सूचना 112 कंट्रोल रूम में देकर उन्हें जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुखबीर को मृत घोषित कर दिया।
सुखबीर सिंह सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन में दो बेटों और एक बेटी के साथ रहते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोरोना जांच के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से सुखबीर की मौत हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सुखबीर के मौत के असल कारणों का पता लग सकेगा।