रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए कई प्रोजेक्ट चलाए जा रहे हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 को आधुनिक तकनीक की सीलिंग लगाकर चमका दिया है।
स्टेशन को आने वाली सड़कें काफी समय से खस्ताहाल मे है। सड़क की री-कारपेटिंग भी नहीं हुई है। सड़कों में गड्ढे इतने है कि वाहन बड़ी से गुजरते हैं।
चंडीगढ़ की ओर से आने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। स्टेशन की ओर मुड़ते ही कई-कई फुट गहरे गढ्ढे हो चुके हैं, जो वहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए मुसीबत बन चुके हैं।
वहीं, पंचकूला की तरफ से स्टेशन में प्रवेश करने पर भी लोगों को कुछ ऐसी ही समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
आज तक नहीं बनी सड़क
रेलवे स्टेशन के कर्मचारी भी इस समस्या से दो-चार हो रहे हैं। यहां पंचकूला एंट्रेस से वाशिंग लाइन ऑफिस तक के लिए आज तक सड़क नहीं बन सकी। लोगों को कच्चे रास्ते से होकर ही गुजरना पड़ता है।
कर्मचारी काफी समय से सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। पूर्व डीआरएम अंबाला पीके सांघी भी सड़क बनवाने के आदेश दे चुके थे, लेकिन अभी तक कोई काम नहीं हुआ है।
मौजूदा डीआरएम अनिल कठपाल ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।