चंडीगढ़। नगर निगम के इनफोर्समेंट विंग में तैनात सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के सेक्टर-35 स्थित घर से अज्ञात चोरों ने करीब चार लाख नकद और 8 से 10 तोले सोना चोरी कर फरार हो गए। वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब उनकी पत्नी घर के नजदीक पार्क में सैर करने गई हुई थीं। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धारा में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वारदात सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे से 2.30 बजे के बीच हुई। शिकायतकर्ता राजेश कुमार ने बताया कि वह नगर निगम इंफोर्समेंट विंग में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात हैं। वह सेक्टर-35 स्थित गवर्नमेंट कॉलोनी में बेटी, बेटा और पत्नी के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह वह ड्यूटी पर चले गए। दोपहर करीब पौने तीन बजे वह सेक्टर-33 में ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान उन्हें पता चला कि उनके घर पर चोरी हो गई है। घर पहुंचते ही पता चला कि अलमारी से साढ़े तीन से चार लाख कैश, दो सोने की चेन, दो मंगलसूत्र, चार अंगूठी, तीन से चार कान के कुंडल समेत अन्य गहने चोरी हो गएृ। वारदात के वक्त उनकी पत्नी पास के पार्क में सैर करने गई थी, जबकि दोनों बच्चे कॉलेज गए थे। इस दौरान आरोपियों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर वारदात को अंजाम दे डाला।
फीस जमा करने के लिए रखे थे रुपये
राजेश ने बताया कि उन्हें पिछले रविवार को कमेटी से रुपये मिले थे। उनका बेटा इंजीनियरिंग कर रहा है, उसी की फीस भरनी थी। उन्होंने बताया कि उनके एरिया में पिछले 20 दिनों में यह तीसरी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।