चंडीगढ़। सेक्टर-44बी के रहने वाले पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकील धर्मेंद्र सिंह रावत ने पुलिस से अपने पड़ोसी की पिटाई करने की अनुमति मांगी है।
रावत का आरोप है कि उनके पड़ोसी ने ईर्ष्या में उनकी नई थार पर तेजधार वस्तु से खरोंचें मार दीं जिससे उनका लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना वीरवार की रात सीसीटीवी फुटेज में कैद है।
आरोप है कि सेक्टर-34 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इन्कार कर दिया है। वहीं, सेक्टर 34 थाना प्रभारी ने कहा कि मामला नॉन-कॉग्निजेबल होने के कारण कोर्ट के अधिकार क्षेत्र में आता है।
वकील ने सेक्टर-34 थाने के एसएचओ सतविंदर कुमार के अलावा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, गृह सचिव, डीजीपी, एसएसपी और बार काउंसिल के चेयरमैन को भी शिकायत की कॉपी भेजी है। रावत ने दावा किया कि उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के नाम और अन्य सबूत थाने व उच्च अधिकारियों को सौंपे लेकिन कोई त्वरित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। एसएचओ सतविंदर कुमार ने कहा कि शिकायतकर्ता की गाड़ी का नुकसान हुआ है। मामला नॉन-कॉग्निजेबल श्रेणी का पाया गया है। इस केस को फाइल कर दिया गया है। संवाद