दो साल में 3 अंडर पास बनाने का दावा कर चुका नगर निगम अभी तक इस प्रोजेक्ट पर एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा पाया है। निगम का कहना है कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) की वजह से प्रोजेक्ट में देरी हो रही है।
सीएचबी ने प्रोजेक्ट से जुड़ी फाइलें और अन्य जानकारियां अभी तक नगर निगम को नहीं सौंपी हैं। इस वजह से प्रोजेक्ट पर काम शुरू नहीं हो सका है।
इस महीने 19 नवंबर को प्रशासक शिवराज पाटिल ने अधिकारियों के साथ बैठक में अंडर पास का प्रोजेक्ट सीएचबी से लेकर नगर निगम को सौंपने के निर्देश दिए थे।
सीएचबी इस प्रोजेक्ट को छह साल से ठंडे बस्ते में डाले था। इस साल इसके लिए फंड भी मंजूर हो चुका था। प्रशासक ने स्थिति को भांपते हुए पूरा प्रोजेक्ट नगर निगम को सौंपने को कहा था।
नहीं शुरू हुआ सर्वे
प्रशासक की ओर से आदेश मिलने के बाद मेयर सुभाष चावला ने दावा किया था कि एक सप्ताह के भीतर ही अंडर पास के लिए सर्वे शुरू करा दिया जाएगा। बुधवार को जब इस संबंध में उनसे बात की गई तो उनका जवाब था कि सीएचबी की ओर से कोई जानकारी न मिलने से यह प्रजेक्ट रुका हुआ है।
सीएचबी चेयरमैन ने साधी चुप्पी
इस बारे में जब सीएचबी के चेयरमैन सत्यगोपाल से बात की गई बोर्ड की ओर से अभी तक नगर निगम को प्रोजेक्ट की फाइल और जानकारियां नहीं दी गई हैं तो उनका सवाल था कि यह जानकारी किसने दी है।
फिर उन्होंने कहा कि वह इस बारे में मेयर से बात करके जल्द ही बताते हैं। मगर बाद में उन्होंने चुप्पी ही साध ली। उन्हें कई बार पूछा गया और एसएमएस भेजकर भी उनका जवाब जानने की कोशिश की।