चंडीगढ़। महिलाओं में तेजी से बढ़ते स्तन और गर्भाशय (सर्विक्स) कैंसर पर नियंत्रण के लिए वीरवार को डिजिटल मेमोग्राफी मोबाइल बस सेवा की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन यूटी गेस्ट हाउस में चंडीगढ़ प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा की पत्नी लिपि परिदा ने किया। अमृत कैंसर फाउंडेशन और अलेजर्स मेडिकल सिस्टम्स लिमिटेड की ओर से शुरू की गई सेवा का लाभ ट्राइसिटी की महिलाओं को मिलेगा।
इसमें मेमोग्राफी, बीएमडी और पैप स्मीयर जांच की सुविधा उपलब्ध है। बस सप्ताह में 6 दिन अलग-अलग जगहों पर जाकर निशुल्क जांच शिविर लगाएगी। इस अवसर पर कैंसर जांच शिविर लगाया गया। इसमें कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. फिरोजा पटेल ने महिलाओं को कैंसर से जुड़ी जानकारी दी। वहीं, लिपि परिदा ने संस्था के कार्यों की सराहना की।
अमृत कैंसर फाउंडेशन के संचालक हरजीत सिंह सभरवाल ने बताया कि एक अप्रैल 2010 को उनकी पत्नी की कैंसर से आकस्मिक मृत्यु हो गई, तब उन्होंने तय किया था कि महिलाओं को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए प्रयास करेंगे। उसी कड़ी में इस कैंसर परीक्षण वैन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि अमृत कैंसर फाउंडेशन ने पीजीआई के सहयोग से अब तक 68 स्तन कैंसर जागरूकता शिविर लगाए हैं। अब तक 9500 से ज्यादा महिलाओं की जांच की जा चुकी है। उन्होंने फाउंडेशन की तरफ से सेक्टर-26 स्थित तेरा ही तेरा मिशन अस्पताल में मुफ्त स्तन कैंसर सर्जरी की सुविधा शुरू करने की भी घोषणा की।