GOVT. MODEL SR. SEC. SCHOOL SECTOR - 22
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर - 22 में पटाखा जलाने के आरोप में पुलिस द्वारा स्टूडेंट्स को डराने से भड़की मां ने खुदकुशी करने की धमकी देते हुए स्कूल में पहुंचकर जमकर हंगामा किया। बाद में प्रिंसिपल के समझाने पर मामला शांत हो गया।
छात्र की मां नीलू का कहना है यदि स्कूल वाले बच्चे को डराएंगे और बच्चा कोई गलत कदम उठाता है तो मै खुद मर जाऊंगी। मंगलवार को नीलू अपने भाई-भाभी और एक अन्य महिला के साथ स्कूल में पहुंचकर जमकर रोष व्यक्त किया।
नीलू ने कहा कि उसके बेटे ने सोमवार को कोई शरारत स्कूल में नहीं की लेकिन उसके बच्चे को पुलिसकर्मियों ने डराया-धमकाया है। इससे परेशान होकर बच्चा डर गया है और घर में जाकर सुसाइड करने की धमकी दे रहा है।
क्या है मामला
सोमवार को दसवीं कक्षा के बच्चों ने स्कूल परिसर में पटाखे चलाए। इस पर स्कूल गेट पर तैनात पीसीआर की टीम ने बच्चों को डराया। इसके बाद मंगलवार को सुबह 10 बजे अभिभावक स्कूल में आ गए और दोपहर एक बजे तक स्कूल में ही डटे रहे। स्कूल प्रशासन ने मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी राजिंदर कौर को भी बुलाया। जिन्होंने स्कूल को बच्चे की काउंसलिंग करने के निर्देश दिए।
बच्चा स्कूल में अनुशासन में नहीं आता है। उसके कानों में बालियां और बड़े-बड़े बाल है। पढ़ऩे में बच्चा कोई ध्यान नहीं देता है। इससे पहले बच्चे की पढ़ाई से संबंधी बात करने के लिए कई बार अभिभावकों को स्कूल में बुलाया गया लेकिन वह कभी नहीं आए। मंगलवार को आकर उन्होंने हंगामा किया जिस पर डीईओ ने समझाकर मामले को खत्म कर दिया।
दलजीत सिंह चीमा , कार्यकारी प्रिंसिपल जीएसएसएसएस-22डी