युवाओं के लिए खुशखबरी भरी खबर आई है। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग को खाली और रद्दे पड़े 500 पदों की बहाली करने की अनुमति मिल गई है। इसमें कई पद 2002 से खाली पड़े थे और निश्चित समय के अंदर भर्ती न होने के कारण रद्द हो गए।
13 अक्तूबर 2023 को वित मंत्रालय के व्यय विभाग ने जारी किए पत्र में शिक्षा विभाग को 500 शिक्षक पद बहाल करने की अनुमति दी। इसमें जेबीटी के 127, टीजीटी के 268, पीजीटी के 24, पीजीटी वोकेशनल के सात और एनटीटी के 74 पद शामिल हैं। अंग्रेजी और फाइन आर्ट्स के टीजीटी शिक्षक पदों की कई सीटें 2002 से खाली पड़ी हैं।
यह भी पढ़ें: Triple Murder: आरोपी ने भाई के क्रेडिट कार्ड पर खरीदा था आईफोन... छीनने पर आया गुस्सा तो मिटा दिया परिवार
इसके बाद लगातार 2002 से 2018 तक विभिन्न शिक्षक पद खाली होते रहे जिनपर नई भर्तियां नहीं की गई। अभी शहर के स्कूलों में हजारों की संख्या में शिक्षकों की कमी चल रही है। हालांकि शिक्षा विभाग ने प्रस्ताव में 997 पदों की बहाली के लिए प्रस्ताव दिया था। स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने पदों के बहाल होने पर खुशी जताई और कहा कि बच्चों को गुणवत्त शिक्षा दिलाने में शिक्षकों का अहम रोल है। जल्द ही इन पदों की नियुक्ति की जाएगी जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
अप्रैल माह में हुए 536 शिक्षक पद बहाल
इससे पूर्व अप्रैल माह में शिक्षा विभाग के दिए प्रस्ताव पर वित मंत्रालय के व्यय विभाग ने 537 पदों की बहाली की थी। विभाग द्वारा कुल 562 पदों को बहाल करने का प्रस्ताव दिया था जिसमें 465 शिक्षक शिक्षक और 97 विशेष शिक्षक के पद शामिल रहे। इनमें जेबीटी के 214 पदों में से 197, एनटीटी के 27 में से 27, टीजीटी के 166 में से 158 और पीजीटी के 465 में से 439 पदों को बहाल किया। वहीं विशेष शिक्षक के 97 पदों को बहाल किया।
अक्तूबर माह में इतने शिक्षक पदों की हुई बहाली
जेबीटी 127
एनटीटी 74
टीजीटी 268
पीजीटी 24
पीजीटी वाकेशनल 7
अप्रैल माह में इतने शिक्षक पदों की हुई थी बहाली
जेबीटी 197
एनटीटी 27
टीजीटी 158
पीजीटी 57
विशेष शिक्षक 97
जेबीटी भर्ती में 420 पदों पर होगी भर्ती
शिक्षा विभाग की ओर से एक जुलाई 2023 को 293 जेबीटी शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया जिसमें अभ्यर्थी 31 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा विभाग में जेबीटी की बहाल हुई 127 सीटों के तहत अब भर्ती की कुल संख्या 420 हो गई है। इस पर स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया उनके पास आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने से पहले सीटों की संख्या अधिक या कम करने का अधिकार है। इसके तहत विभाग कोरिजेंडम जारी करेगा जिसके तहत सीटों की संख्या को बढ़ांगे और आवेदन के लिए भी समय की तारीख आगे करेंगे।
शुक्रवार से होगी अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
स्कूल शिक्षा निदेशक हरसुहिंदर पाल सिंह बराड़ ने बताया जल्द ही बहाल हुए पदों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि शुक्रवार को विभिन्न पदों के अनुसार विज्ञापन जारी किए जाएं। नियुक्ति प्रक्रिया में खाली और बहाल हुए पदों को जोड़कर कुल सीटों पर भर्ती की जाएगी।