झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रही द्वितीय हॉकी इंडिया जूनियर नार्थ जोन की राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में चंडीगढ़ की टीम ने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। बालक वर्ग में चंडीगढ़ और पंजाब की टीमें विजयी रहीं।
चैंपियनशिप के बालिका वर्ग में हाॅकी पंजाब बनाम हाॅकी चंडीगढ़ के मध्य खेले गये मैच में चंडीगढ़ ने पंजाब की टीम को 1-0 से हराया। चंडीगढ़ की ओर से मनदीप कौर ने एक गोल किया। चंडीगढ़ टीम की खिलाड़ी पूजा को मैन ऑफ दी मैच से सम्मानित किया गया। वहीं, बालक वर्ग का दूसरा मुकाबला चंडीगढ़ और जम्मू के मध्य खेला गया। चंडीगढ़ की टीम ने 13-1 से जीत दर्ज कर अगले वर्ग में प्रवेश किया। पुरुष वर्ग में पंजाब और उत्तराखंड के मध्य खेले गए मैच में पंजाब ने 13-1 से जीत हासिल की। पंजाब की ओर से चरनजीत सिंह व प्रतिपाल सिंह ने तीन-तीन गोल किए। प्रतिपाल सिंह को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।