चंडीगढ़। सेक्टर-26 मंडी के भविष्य का फैसला करने के लिए शुक्रवार को कृषि विभाग के सचिव की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। इसमें फैसला लिया जाएगा कि सेक्टर-26 की मंडी को 39 में शिफ्ट करने के बाद बंद किया जाएगा या दोनों ही चलती रहेंगी।
मंडी के लेआउट प्लान और दुकानों को लीज होल्ड की जगह फ्री होल्ड पर आवंटित करने को लेकर भी फैसला लिया जाएगा। फ्री होल्ड पर अलॉटमेंट से प्रशासन को भी राजस्व मिलने की उम्मीद है। साथ ही आढ़ती एसोसिएशन भी फ्री होल्ड पर ही दुकानें अलॉट करने की मांग कर रही हैं। बैठक में लेआउट प्लान को लेकर भी फाइनल फैसला लिया जाना है, क्योंकि इसमें बदलाव के लिए आढ़तियों व अन्य हितधारकों के सुझाव लिए जाने हैं। लेआउट प्लान ऐसा तैयार करना है, जिससे मलोया और स्नेहालय का ट्रैफिक प्रभावित न हो। प्रस्ताव के अनुसार मंडी में कबाड़ की दुकानों की जरूरत है, इसलिए इन्हें बाहर शिफ्ट किया जाना चाहिए। बता दें कि इससे पहले डीसी ने पिछले माह दोनों मंडी का दौरा किया था और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सेक्टर-39 मंडी में भी अभी काफी काम होना है, लेकिन देरी के कारण ही शिफ्टिंग के काम में देरी हो रही है।