चंडीगढ़। सेक्टर-42/बी में चोरों ने सूरजपुर (पंचकूला) के एक निजी स्कूल की उप प्रधानाचार्य के घर से करीब दो तोला सोने के गहने, तीन हजार की नकदी, क्रेडिट कार्ड समेत अन्य कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धारा में मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शकुंतला मुखर्जी ने बताया कि वह सेक्टर-42 में परिवार समेत रहती हैं। वह पंचकूला के सूरजपुर के एक निजी स्कूल में उप प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं। बीते 17/18 मार्च की रात को परिवार घर में सो रहा था। तड़के करीब 4 बजे उन्हें घर के एक कमरे से कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब वह कमरे में पहुंचीं तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से उनका पर्स गायब था। पर्स में करीब दो तोला सोने के गहने, तीन हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, लॉकर की चाबी, पेन ड्राइव था। लॉकडाउन के चलते उन्होंने पुलिस को शिकायत देरी से दी है।
वहीं, सेक्टर-35 के ट्रेसकिन सैलून के मैनेजर अनमोल खोसला ने पुलिस को बताया कि सैलून की छत पर रखे जेनरेटर की बैटरी चोरी हो गई है। शिकायत पर सेक्टर 36 थाना पुलिस ने जांच के बाद दोनों ही केस में मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।