चंडीगढ़ सेक्टर 17 स्थित महिला पुलिस थाना।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में घरेलू हिंसा के मामलों में प्रत्येक वर्ष इजाफा होता जा रहा है। महिला थाने में आने वाली इन शिकायतों में पति पत्नी के रिश्ते को मजबूत करने के लिए काउंसलिंग टीम अहम रोल निभाती है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि टीम बिगड़ते रिश्तों के सुधार की बुनियाद नहीं रख पा रही। चार साल पहले सोशल वेलफेयर की काउंसलिंग टीम ने इसका जिम्मा संभाला था, लेकिन अब पुलिस की अपनी ही टीम इनकी काउंसलिंग कर रही है।
महिला थाने में रोजाना औसतन आठ से दस मामले आ रहे हैं। इन मामलों में काउंसलिंग के दौरान यह बात भी सामने आई कि अधिकतर शिकायत में पति-पत्नी साथ रहना चाहते हैं, लेकिन परिवार के सदस्य छुटपुट बातों को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। इससे पति-पत्नी के रिश्तों में दरार आ रही है। इसके अलावा रिश्तेदार की दखल की वजह से भी दंपती परेशान हैं। इन्हीं बातों को लेकर वे थाने पहुंच जाते हैं।