चंडीगढ़। टीकाकरण अभियान में शनिवार से 18 से 44 साल के बीच के 4 हजार लाभार्थियों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि संक्रमण की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में टीकाकरण किया जाए। अगर टीका खत्म हो गया तो अगली खेप के आने के बाद सत्र आयोजित किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले कोशिश की जा रही है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को टीका लगाकर उन्हें सुरक्षित किया जाए, ताकि संक्रमण की रफ्तार पर काबू पाया जा सके।
शुक्रवार को शहर के 67 केंद्रों पर 4270 लाभार्थियों ने टीका लगवाया। 18 साल से ज्यादा उम्र के 2732 लाभार्थियों ने टीके की पहली खुराक लगवाई। 87 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली व 15 को दूसरी लगाई गई। अग्रिम पंक्ति के 23 कर्मचारियों को पहली व दो को दूसरी खुराक लगाई गई। 45 से 60 साल के बीच के 990 लाभार्थियों को पहली व 57 लाभार्थियों को दूसरी खुराक लगाई गई। वहीं, 60 साल से ऊपर के 342 लाभार्थियों ने पहली व 22 ने दूसरी खुराक लगवाई।