फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में कोरोना: दो छात्र और एक शिक्षिका मिले संक्रमित, एक छात्र ओमिक्रॉन संक्रमित युवक का रिश्तेदार

Wed, 15 Dec 2021 02:15 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

बीते 21 नवंबर को 20 वर्षीय युवक इटली से अमृतसर एयरपोर्ट पर आया था। इसके बाद वह अपने मनीमाजरा निवासी रिश्तेदार के साथ चंडीगढ़ आया। उसे दो दिसंबर को वापस जाना था, इसलिए उसने कोरोना जांच कराई, जिसमें संक्रमित पाए जाने पर उसका नमूना दिल्ली भेजा गया, जहां उसमें ओमिक्रॉन का वैरिएंट मिला।
विज्ञापन
कोरोना - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तीसरी लहर की आशंकाओं के बीच मंगलवार को चंडीगढ़ में तीन स्कूलों में दो छात्र और एक शिक्षिका के संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। सेक्टर 26 स्थित दो स्कूल तीन दिन के लिए बंद कर दिए गए हैं जबकि मौलीजागरां स्थित गवर्नमेंट हाईस्कूल एक दिन बंद रहेगा। शिक्षिका मौलीजागरां में पढ़ाती हैं। उनके संपर्क में आए 70 विद्यार्थियों व अन्य स्टाफ का नमूना ले लिया गया है। स्कूल को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया है। उधर, संक्रमित दोनों छात्र सेक्टर 26 के नामी निजी स्कूलों के विद्यार्थी हैं। एक छात्र इटली से लौटे ओमिक्रॉन संक्रमित युवक का रिश्तेदार है। 

 

कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण का खतरा अब स्कूल के छात्र-छात्राओं पर मंडराने लगा है। सेक्टर-43 निवासी शिक्षिका मौलीजागरां स्थित गवर्नमेंट हाईस्कूल में तैनात है। तबियत ठीक नहीं लग रही थी, इसलिए मंगलवार को उन्होंने कोरोना जांच कराई थी। उसके बाद स्कूल पहुंच गईं। शाम को रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उन्होंने तत्काल स्कूल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। स्कूल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर शिक्षिका के संपर्क में आने वाले स्टाफ और विद्यार्थियों का नमूना लिया। इधर, सेक्टर 26 के दोनों स्कूलों ने स्टाफ को बुलाया है, जबकि बच्चों की तीन दिन की छुट्टी कर दी है। हालांकि, ऑनलाइन कक्षाएं चलती रहेंगी।

इटली से आए युवक के संक्रमित होने के बाद बढ़ाई गई थी सतर्कता

बीते 21 नवंबर को 20 वर्षीय युवक इटली से अमृतसर एयरपोर्ट पर आया था। इसके बाद वह अपने मनीमाजरा निवासी रिश्तेदार के साथ चंडीगढ़ आया। उसे दो दिसंबर को वापस जाना था, इसलिए उसने कोरोना जांच कराई, जिसमें संक्रमित पाए जाने पर उसका नमूना दिल्ली भेजा गया, जहां उसमें ओमिक्रॉन का वैरिएंट मिला। हालांकि, 10 दिन बाद उसकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई, लेकिन उसके परिवार के पांच सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इनमें एक सदस्य निगेटिव आया। अब मंगलवार को सेक्टर-26 में पढ़ने वाले एक विद्यार्थी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है, जो इटली से आए युवक का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

सेंट कबीर ने आवेदन फॉर्म जमा करने की तिथि आगे बढ़ाई

सेंट कबीर स्कूल में अब 18 दिसंबर तक बच्चों के दाखिले का फॉर्म जमा किया जा सकेगा। स्कूल विद्यार्थी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने यह तिथि बढ़ाई है। स्कूल प्रबंधन ने परिजनों के मोबाइल पर मैसेज भेजकर अगले तीन दिनों तक स्कूल न भेजने को कहा है। हालांकि, स्कूल के स्टाफ को आने के लिए कहा गया है।

स्कूल संचालन पर आज होगी बैठक

शिक्षा विभाग की निदेशक पालिका अरोड़ा ने कहा कि शिक्षिका के संक्रमित मिलने के बाद स्कूल को तत्काल बंद करा दिया गया है, लेकिन अन्य स्कूलों के संचालन को लेकर बुधवार को अधिकारियों के साथ चर्चा होगी। इस समय कुछ स्कूलों में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए इसे लेकर भी आगे का निर्णय लिया जाएगा।

बारहवीं की टर्म-1 बोर्ड परीक्षाएं, सुरक्षा पर सवाल

शहर में 12वीं की टर्म-1 बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं। ये परीक्षाएं 20 दिसंबर तक चलेंगी। शिक्षक और विद्यार्थियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। क्या बच्चों को बढ़ते केसों के समय घर से बाहर भेजना स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से ठीक है। दूसरी ओर, स्कूलों में प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के बच्चे रोस्टर के अनुसार ऑफलाइन कक्षाओं के लिए बुलाए जा रहे हैं।

स्कूल में कोरोना केस आना चिंताजनक

विज्ञापन

स्कूल में कोरोना का केस आना चिंताजनक है। बच्चों की कांटैक्ट ट्रेसिंग बहुत मुश्किल है। बच्चे घर जाकर किस से मिल रहे हैं, स्कूल के बाद किनसे मुलाकात कर रहे हैं, इसका पता नहीं लगाया जा सकता। इसके अलावा बच्चों को अभी तक कोरोना वैक्सीन भी नहीं लगी है, इसलिए सबसे ज्यादा संकट बच्चों पर है। प्रशासन को कुछ समय के लिए फिर से स्कूलों को ऑनलाइन मोड में कर देना चाहिए। अगर ध्यान नहीं दिया गया तो पिछली बार की तरह अस्पतालों में जगह नहीं बचेगी। - नितिन गोयल, अध्यक्ष, अभिभावक संघ

स्कूल के छात्र के कोरोना पॉजिटिव मिलने की खबर के साथ अभिभावकों को नोटिस भेजकर जानकारी दे दी गई है। विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रहेगा, कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी। स्टाफ सदस्यों के लिए बुधवार को स्कूल खुलेगा, वहीं कोविड की स्थिति को देखते हुए दाखिला आवेदन की तारीख 18 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। जिससे स्कूल में भीड़ एकत्रित नहीं हो। - गुरप्रीत एस बख्शी, एडमिनिस्ट्रेटर, सेंट कबीर स्कूल

गवर्नमेंट हाईस्कूल मौलीजागरां की एक शिक्षिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बुधवार को स्कूल बंद रहेगा। शिक्षिका के संपर्क में आए 70 विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों का सैंपल लिया गया है। सभी को घर के अंदर रहने के निर्देश दिए गए हैं। निजी स्कूल में बच्चे के पॉजिटिव होने की जानकारी अभी हमारे पास नहीं आई है। - पालिका अरोड़ा, शिक्षा निदेशक

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें