चंडीगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 में सोमवार से सामान्य सर्जरी शुरू कर दी गई। पहले दिन अलग-अलग विभागों के 7 मरीजों की सर्जरी की गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर गर्ग ने बताया कि टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से सर्जरी के लिए 9 मरीजों का पंजीकरण भी किया गया। उन्होंने बताया कि सर्जरी की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। सबसे पहले कई महीनों से इंतजार कर रहे मरीजों की सर्जरी की जाएगी। फिलहाल, यहां मरीजों के लिए अभी फिजिकल ओपीडी शुरू नहीं की गई है। अभी टेलीकंसल्टेशन से ही मरीजों को परामर्श दिया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर पीजीआई में भी फिजिकल ओपीडी बहाल कर दी गई है।
टेलीकंसल्टेशन से 2489 मरीजों को परामर्श
पीजीआई में प्री-रजिस्ट्रेशन वाले मरीजों के लिए स्क्रीनिंग के साथ सोमवार को फिजिकल ओपीडी शुरू की गई। सोमवार को पहले दिन फिजिकल ओपीडी में 1254 और टेलीकंसल्टेशन के माध्यम से 2489 मरीजों को परामर्श दिया गया। पीजीआई प्रशासन के अनुसार कोरोना संक्रमण की नियंत्रण दर को ध्यान में रखते हुए फिजिकल ओपीडी की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी, ताकि नॉन कोविड मरीजों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो। पीजीआई में सोमवार को 37 सामान्य सर्जरी हुई।
जीएमएसएच-16 में देखे गए 45 मरीज
गवर्नमेंट मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच) सेक्टर-16 में ईएनटी और नेत्र रोग विभाग की ओपीडी बहाल कर दी गई है। पहले दिन इन दोनों विभागों में संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन करते हुए 45 मरीजों को परामर्श दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार संक्रमण की स्थिति को देखते हुए दांतों की ओपीडी बहाल करने के संदर्भ में शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा।