चंडीगढ़। जीएमसीएच- 32 के ईएनटी विभाग में वीरवार को दो डॉक्टरों के संक्रमित हो जाने से एक बार फिर अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि इस संदर्भ में सुरक्षा कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि अस्पताल परिसर में कहीं भी सामाजिक दूरी की अवहेलना न होने दें। मना करने पर यदि मरीज व उनके परिजन न माने तो उन्हें अस्पताल परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए।
संक्रमण की दर कम होने पर 17 फरवरी को पुन: ओपीडी का संचालन पूर्ववत किया गया था। इसके महज चंद दिनों बाद ही अस्पताल के अलग-अलग विभागों में सात डॉक्टर पॉजिटिव आ चुके हैं। डॉ. रवि गुप्ता का कहना है कि फिलहाल अन्य विभागों की ओपीडी में संक्रमण से बचाव के मानकों का पालन करते हुए चंडीगढ़ के मरीजों का शारीरिक तौर पर इलाज किया जाएगा। अन्य प्रदेशों से आने वाले मरीज टेलीकंसल्टेशन व टेलीमेडिसिन के जरिए देखे जाएंगे। दूसरी तरफ अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कोविड-19 के दौरान संक्रमण के डर से जिस इमरजेंसी में स्ट्रेचर पर मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया गया था, वहां फिर से मरीज भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। स्थिति यह हो गई है कि इमरजेंसी में सामाजिक दूरी व कोरोना संक्रमण से बचाव के अन्य मानकों के पालन की गुंजाइश न के बराबर रह गई है।