सेक्टर-15 में कम्युनिटी सेंटर में भूमि पूजन पर जमकर राजनीति हो रही है। अब शहर के नवनिर्वाचित मेयर हरफूल कल्याण भी जवाबी बहस में कूद पड़े हैं। उन्होंने तो यह कह दिया है कि वह यहां मकर संक्रांति के बाद दोबारा से भूमि पूजन करवाएंगे।
मेयर ने कहा कि मकर संक्रांति के बाद ही ऐसे शुभ कार्य होने चाहिए और वह इस बारे में साथी पार्षदों से बात कर रहे हैं। अभी बीते मंगलवार ही सेक्टर-15 कम्यूनिटी सेंटर में भाजपा पार्षद सौरभ जोशी ने भूमि पूजन करवाया था। इस दौरान जोशी ने मोदी ब्रांड की ईंटें स्पेशल मंगवाई और अपने पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी का प्रचार किया। इस पर काफी राजनीति हुई और कांग्रेस ने अगले दिन ही शहर के कम्युनिटी सेंटर में सोनिया और राहुल गांधी के पोस्टर चिपका दिए थे। इतना ही नहीं नींव में से मोदी ब्रांड की ईंटें भी गायब करवा दी गई थी।
अभी तक नहीं हुई कार्रवाई
नगर निगम के अफसर शहर भर में तो डिफेसमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पर अभी तक कुछ कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा को जवाब देने के लिए कम्यूनिटी सेंटरों में सोनिया-राहुल के पोस्टर लगाए थे। यह सब निगम अफसरों की नाक के नीचे हुआ, लेकिन किसी पर न तो कार्रवाई हुई और न ही कोई जुर्माना लगा।
मेयर के लिए शहर में और भी बहुत काम है। इन कामों में वह न ही उलझे तो ही बेहतर है। अगर मेयर दोबारा भूमि पूजन के लिए आते हैं तो हम उसका कड़ा विरोध करेंगे।
सौरभ जोशी, भाजपा पार्षद