दिवाली पर जब लोग घर की साज सजावट से लेकर आम जरूरत के सामान की शॉपिंग करने निकलते हैं तो सोचते हैं सब एक ही जगह मिल जाए, परेशानी न हो। लोगों की यह चाहत पूरी करेगा, सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में सीआईआई की तरफ से लगा फेयर, जहां सुई से लेकर कार तक उपलब्ध है। 16 अक्तूबर तक चलने वाले इस फेयर में 280 स्टॉल है जहां फूड, घर सजावट का सामान, रसोई के उपकरण, वित्तीय संस्थानों, बैंकों, ब्यूटी केयर प्रोडक्ट्स से लेकर हर सामान उपलब्ध है। इस बार फेयर की एंट्री फीस 30 रुपये रखी गई है। फेयर में फुटवियर, फुलकारी पीस, वुडवर्क आइटम, होम डेकोरेशन आइटम, हैंडिक्राफ्ट व डिजानयर फर्नीचर उपलब्ध हैँ।
ध्यान खींच रहे विदेशी व्यापारी
इंटरनेशनल स्टॉल्स में भी भारी भीड़ देखी जा रही है। इसमें थाईलैंड के स्पेशल लैंपशेड्स, डेकोरेशन पीस, फ्लावर, लेडीज पर्स, बटर लाई हेयर क्लिप्स की चेन भी मौजूद हैं। इनकी कीमत 100 रुपये से शुरु होती है। 5 सामानों की खरीद पर 1 आइटम फ्री दिया जा रहा है। महिलाओं के सौंदर्य संबंधी उत्पाद भी काफी आकर्षक हैं।
कराची से नदीम लाए हैं अगरबत्ती स्टैंड
देश की सीमा पर पड़ोसी मुल्क से चाहे रिश्ते कितने भी खराब रहे। लेकिन वहां के सामान की अच्छी खासी डिमांड रहती है। इसी के मद्देनजर यहां कई उद्यमी प्रोडक्ट लेकर पहुंचे हैं। पाकिस्तान के कराची से आए नदीम ओनेक्स मार्बल से बने सैकड़ों प्रोडक्ट लेकर आए हैं, इनकी कीमत 50 रुपये से लेकर एक लाख तक की है। यहां 50 रुपये में ओनेक्स मार्बल से बना अगरबत्ती स्टैंड मिल रहा है।
योग से दूर होगा हर दर्द
फेयर में आयुष मंत्रालय की तरफ से स्टॉल लगाए गए हैं। पैर दर्द, कमर दर्द आदि की शिकायत हो तो तुरंत इसे दूर करने के लिए संबंधित योगासन की जानकारी दी जा रही है। विशेषज्ञ लोगों को लाइव डेमों के साथ योग के आसन और उनसे होने वाले फायदों की जानकारी दे रहे हैं।
बंगाली साड़ी व ज्वेलरी की भी डिमांड
अगर आप बंगाली साड़ी, ज्वैलरी या अन्य सामानों के शौकीन है तो यहां पर बहुत कुछ है। हॉल नंबर- 5 में बंगाल के 26 जिलों के 88 स्टॉल है। यहां पर बंगाल की साड़ी, सूट, कुर्ता, हैंड बैग, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, वुडेन बर्तन, आदि उपलब्ध हैं।फेयर में सर्दियों की शॉपिंग भी कर सकते हैं वो भी 50 परसेंट के डिस्काउंट पर। जीरकपुर के अरूण महाजन की स्टॉल पर आपको जैकेट, स्वैटर, लोअर आदि मिल जाएंगे।
मशहूर लेखकों के नावेल किलो के भाव से खरीदिए
पिछले कई सालों से किताबों की स्टॉल लगा रहे दिल्ली के दीपक जैन ने बनाया कि वह 1000-500 रुपये की किताब 50 रुपयों में बेच रहे हैं वो भी किलो के भाव से। यहां बेस्ट सेलर नावेल व बच्चों की किताबे 200 रुपये किलों में बिक रही हैं। स्टाल में रेसिपी, फिक्शन, नान फिक्शन, आटोबायोग्राफी, कॉफी टेबल बुक, चिल्ड्रन बुक, रजिस्टर आदि उपलब्ध है।
पीतल के सामानों से सजाएं घर
गुरुग्राम की लीना के स्टॉल पर 350 से 10 लाख रुपये तक का पीतल का सामान उपलब्ध है। यहां पर पीतल से बने कछुआ दीये 350 रुपये में मिल जाएंगे इसके
अलावा भगवान कृष्ण, मां दुर्गा, वट वृक्ष, बुद्धा आदि की मूर्तियां हैं, जो देखने में बहुत ही आकर्षक है। स्टाल पर लोगों की भारी भीड़ है। दीपावली होने के कारण लोग ज्यादा मूर्तियां खरीद रहे हैँ।
लोगों को भा रही राजस्थानी पेपर गजक और रेवड़ा
फेयर में गजक और राजस्थानी रेवड़ा ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया हुआ है। यहां राजस्थानी गजक, चिक्की, रेवड़ी आदि की कीमत 120 रुपये से शुरू है। जयपुर से आए अनीष बताते हैं कि चंडीगढ़ में उन्हे हर बार बढ़ियां रिस्पांस मिलता है।बच्चों के इंटरटेनमेंट के लिए यहां पर पूरा प्रबंध है। फेयर में प्ले स्टेशन वीडियो गेम्स, वीआर गेम्स, मैजिक एंड पपेट शो, क्ले मॉडलिंग पॉट पेंटिंग, क्लोनिंग ड्रॉइंग, आर्ट क्राफ्ट के अलावा रेड बस भी मौजूद है।