प्रगति-50 पहल में 24 राज्यों के 50 शहरों से मुकाबला, कमियों को दूर करने के लिए नगर निगम ने बनाया एक्शन प्लान
सोर्स सेग्रीगेशन से लेकर एआई निगरानी और ई-वेस्ट प्रबंधन तक सुधारने होंगे इंतजाम, तय समय में लक्ष्य पूरा करने की चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद अब चंडीगढ़ के सामने प्रगति-50 पहल में बेहतर प्रदर्शन की चुनौती है। स्वच्छ भारत मिशन शहरी-2.0 के तहत देश के 24 राज्यों के 50 शहरों के बीच प्रतिस्पर्धा में शामिल चंडीगढ़ को नौ मानकों पर सुधार करना होगा। पिछले सप्ताह मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर निगम ने इसके लिए एक्शन प्लान तैयार किया। संबंधित विभागों को तय समय में लक्ष्य पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सबसे ज्यादा कमियां ठोस कचरा प्रबंधन में मिली हैं। घरों से निकलने वाले 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का स्रोत पर पृथक्करण सुनिश्चित करना है, जबकि अभी यह करीब 80 प्रतिशत है। बल्क वेस्ट जनरेटरों के यहां कचरे का मौके पर निस्तारण और बायो-सीएनजी व वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे प्रोसेसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना भी जरूरी है।
एआई निगरानी और शिकायतों का निपटारा भी चुनौती
विजिबल क्लीनलिनेस के तहत भी तीन मानकों पर काम करना होगा। भीड़भाड़ वाले इलाकों और गंदगी वाले हॉटस्पॉट की सीसीटीवी व एआई से निगरानी कर कैमरों को इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जोड़ना है। 10 प्रतिशत हाउसिंग सोसायटी, आरडब्ल्यूए और बाजारों को जीरो-वेस्ट प्रमाणित करना होगा। सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों और गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स की शिकायतों का स्वच्छता ऐप पर 100 प्रतिशत समयबद्ध निपटारा करना है, जबकि अभी यह 80 प्रतिशत से भी कम है।
इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना, सीवेज स्लज से संसाधनों की रिकवरी और ई-वेस्ट के संग्रहण व भंडारण की व्यवस्थित व्यवस्था भी नौ प्रमुख मानकों में शामिल है।