चंडीगढ़ में 'ब्लू व्हेल' का आतंक बढ़ता जा रहा है। डीएवी स्कूल के एक छात्र की सुसाइड के बावजूद तीन और छात्र गेम खेलते हुए पाए गए हैं। डीएवी स्कूल सेकटर-8 में वीरवार को काउंसलिंग के दौरान तीन और छात्रों ने ब्लू व्हेल गेम खेलने की बात स्वीकार की है। स्कूल प्रबंधन की ओर से उनके परिजनों और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने तीनों के फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बीते दिन इसी स्कूल के छात्र करण ने इस गेम का टास्क पूरा करने के लिए अपनी जान दे दी थी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रों के लिए तीन घंटे का इंटरेक्टिव सेशन आयोजित किया था। इस दौरान इसमें तीन बच्चे सामने आए जिन्होंने ब्लू व्हेल गेम खेलने की बात स्वीकार की। इसमें नौंवी के एक स्टूडेंट्स ने स्वीकार किया कि वह गेम का पहला लेवल खेल चुका है।
वहीं एक 10वीं के स्टूडेंट्स ने बताया कि वह भी दूसरे लेवल का गेम खेल चुका है। स्कूल का एक स्टूडेंट्स ने ब्लू व्हेल गेम के सभी स्तरों को खेला था। इस पर स्कूल प्रबंधन की ओर से स्टूडेंट्स के परिजनों को बुलाया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल पहुंची पुलिस ने सभी स्टूडेंट्स के मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी स्तरों पर जांच कर रही है।
विद्यार्थियों की कराई जा रही है काउंसलिंग
डीएवी स्कूल प्रिंसिपल विभा रे ने बताया कि स्टूडेंट्स की काउंसलिंग कराई जा रही है। काउंसलिंग में हम सभी स्टूडेंट्स को सही तरीके से गाइड करने का प्रयास कर रहे हैं। इस तरह के गलत गेम और वेबसाइट से लोगों को अवगत कराएंगे। जब क्लास इंचार्ज बच्चों को इस बारे में जागरूक कर रहे थे तो अलग अलग क्लास के तीन बच्चों ने स्वीकार किया कि वह ब्लू व्हेल गेम खेल रहे है। जांच में सामने आया कि एक स्टूडेंट्स ने गेम के हर स्तर को खेला है। वहीं स्कूल काउंसलर्स की ओर से इन स्टूडेंट्स की काउंसलिंग की जा चुकी है।
पुलिस जांच कर रही है। अगर किसी स्कूल के बच्चों को समस्या है तो वह हमें फोन करें। हम जांच में पूरा सहयोग करेंगे। जांच में सामने आया है कि बच्चों ने दो लेवल तक गेम खेला है।
- हरिंदर सिंह सेखों , साइबर सेल इंचार्ज