कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिए बयान को लेकर शुक्रवार को चंडीगढ़ भाजपा ने प्रदर्शन किया। भाजपा नेता व कार्यकर्ता सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
चंडीगढ़ में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला भी फूंका। राहुल गांधी के विदेश में दिए एक बयान को लेकर शुक्रवार को चंडीगढ़ भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
भाजपा की तरफ विरोध जताने के लिए सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय तक जाने की घोषणा की थी। वहीं, प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए यूटी पुलिस की तरफ से सुरक्षा के लिहाज से पूरी व्यवस्था की गई थी।
हाथ में राहुल गांधी के खिलाफ लिखे स्लोगन वाले पोस्टर लेकर भाजपाई ने विरोध दर्ज कराया। पोस्टरों में लिखा था कांग्रेस सिखों की दुश्मन, राहुल गांधी माफी मांगे, राहुल गांधी देश का गद्दार आदि स्लोगन लिखे हुए थे।
विज्ञापन
भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने दोपहर में सेक्टर-33 व 34 की लाइट प्वाइंट से सेक्टर-35 के कांग्रेस कार्यालय की तरफ कूच किया, लेकिन पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग करके उन्हें वहीं रोक दिया।
इसके बाद भाजपा के नेता व कार्यकर्ताओं ने वहीं राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला भी जलाया गया। इस प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन व अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी विदेशी धरती पर विवादित बयान दे रहे हैं। उन्होंने सिख समुदाय पर जो टिप्पणी की है, वो गलत है इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए और उन पर सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए।