चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल की हवा इन दिनों मौसम की मार झेल रही है। खराब मौसम और कड़ाके की ठंड ने पांच दिनों में शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को सेक्टर-25 में 127 तक पहुंचा दिया है, जबकि शहर के अन्य व्यस्ततम इलाकों में हालात और भी खराब हो गए हैं। हालांकि पर्यावरण विशेषज्ञ इसकी वजह लगातार हो रही सर्दी को बता रहे हैं। सर्दी में पीएम 2.5 और 10 का स्तर भी बढ़ जाता है।
आपको बता दें कि इस बार चंडीगढ़ शहर में सर्दी ने पिछले कई सालों का रिकार्ड तोड़ा है। दिसंबर और जनवरी माह में बारिश भी जमकर हुई है। लगातार खराब मौसम का असर सिटी ब्यूटीफुल की हवा पर भी पड़ा है। को भी अब खराब कर रहा है। पांच दिनों शहर के वायु गुणवत्ता सूचकांक की बात करें तो यह 72 से बढ़कर 127 तक पहुंच चुका है। यह सेक्टर 25 में लगे मॉनीटरिंग स्टेशन का है। जबकि शहर के अन्य व्यस्ततम इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब हो रही है। वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 20 जनवरी को 177, 21 जनवरी को 127, 22 जनवरी को 92 तथा 23 और 24 को क्रमश: 72 दर्ज किया गया है। इस संबंध में पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दियों और खराब मौसम में पीएम 10 और 2.5 का स्तर बढ़ जाता है, जिसके कारण वायु गुणवत्ता भी खराब होने लगती है।
वायु गुणवत्ता खराब होने के कारण शहर के लोगों को आंखों में जलन की शिकायत हो रही है। लोगों का कहना है कि जलन के साथ ही आंखों में चिपचिपाहट भी महसूस हो रही है। अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है।