अब पांच सितारा होटल व उससे ऊपरी होटल की तरह तीन सितारा व चार सितारा होटल में भी मिनी बार की अनुमति दे दी गई है। शहर के होटल व्यवसायी पिछले काफी समय से इस राहत की उम्मीद कर रहे थे। प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में 700 करोड़ रुपये कमाने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों के अनुसार आबकारी नीति में उपभोक्ताओं, निर्माताओं, होलसेलरों, रिटेलरों के साथ-साथ विभाग का भी ध्यान रखा गया है। स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा देने के लिए सभी लाइसेंसधारकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपनी दुकान के पास सफाई व्यवस्था बनाकर रखे। ऐसा न करने पर विभाग जुर्माना लगाएगा।
अहातों पर अल्कोहल मीटर लगाना जरूरी
प्रशासन ने अब अहातों पर अल्कोहल मीटर लगाने अनिवार्य कर दिया है, ताकि लोग शराब का सेवन करने के दौरान लोग अल्कोहल की मात्रा खुद देख सकें। इससे पहले प्रशासन ने रेस्टोरेंट्स और बार के लिए ही अल्कोहल मीटर लगाने के निर्देश दिए थे। भारतीय निर्मित विदेशी शराब के लिए बेसिक कोटे को 100 लाख प्रूफ लीटर (पीएल) से बढ़ाकर 110 लाख पीएल कर दिया है। वहीं, देसी शराब के लिए कोटे को 8 लाख पीएल से बढ़ाकर 12 लाख पीएल कर दिया है। प्रशासन ने फॉरेन लिकर बायोब्लेंड व्हिस्की के लिए कोटे को 3.30 लाख पीएल से बढ़ाकर 3.50 लाख पीएल कर दिया है।