चंडीगढ़ में टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए यूटी प्रशासन कई बड़े कदम उठाने जा रहा है। प्रशासन का खास ध्यान सुखना लेक और सारंगपुर स्थित बोटेनिकल गार्डन पर है। प्रशासन सुखना लेक के आईलैंड पर रिवाल्विंग व्यू प्वाइंट ग्लास बनाने पर विचार कर रहा है। इसे लेकर शुक्रवार को यूटी सचिवालय में प्रजेंटेशन भी दी गई है।
सुखना लेक पर म्यूजिकल फाउंटेन भी बनेगा, हालांकि प्रशासन इसके लिए अभी जगह तय नहीं कर पाया है। यूटी प्रशासन सारंगपुर स्थित बोटेनिकल गार्डन में टॉय ट्रेन चलाने पर विचार कर रहा है। पर्यावरण विभाग की तरफ से टॉय ट्रेन चलाने के लिए हरी झंडी भी दे दी गई है।
इस बारे में मुख्य वन संरक्षक देबेंद्र दलाई ने कहा कि सारंगपुर के बोटेनिकल गार्डन को लोकप्रिय बनाने के लिए टॉय ट्रेन का प्रस्ताव लाया गया है। यह बैटरी से चलने वाली छोटी गाड़ियां होंगी, जो कि बिल्कुल भी पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचाएंगी।
टॉय ट्रेन चलाने के पीछे का कारण उन्होंने बताया कि सारंगपुर का बोटेनिकल गार्डन क्षेत्र में काफी बड़ा है। पूरा गार्डन घूमने में काफी समय लग जाता है। ज्यादातर लोग गार्डन का एक हिस्सा ही घूम पाते हैं। गार्डन के अंदर बस नहीं चलाई जा सकती, इसलिए टॉय ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है।
एडवाइजर मनोज परिदा ने ट्रायल के लिए कंपनी स्पांसर्ड गाड़ियां लाकर चलाने की बात कही है। बोटेनिकल गार्डन के कुछ हिस्सों का प्रशासन सही से इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है, इसलिए प्रशासन एडवेंचर पार्क बनाने पर विचार कर रहा है।