चंडीगढ़ के प्राइवेट स्कूलों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। प्रशासन के एस्टेट ऑफिस ने बिल्डिंग वॉयलेशन के मामले में शहर के 25 प्राइवेट स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बिल्डिंग वॉयलेशन और मिसयूज मामले में करीब आधा दर्जन कान्वेंट स्कूल भी शामिल हैं। नोटिस मिलने की खबर लगते ही वॉयलेशन करने वाले स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
अगले 15 दिन के भीतर शहर के कुल 87 प्राइवेट स्कूलों में मिसयूज और वॉयलेशन को लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इस संदर्भ में एसडीओ बिल्डिंग ने बताया कि स्कूल संचालकों ने अवैध तरीके से वॉयलेशन कर रखा है, जिसकी लिखित शिकायत प्रशासन को मिली है। जानकारी होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की जांच कराई गई थी। जांच सही होने पर 25 स्कूलों को नोटिस जारी का जवाब मांगा गया है। बताया जाता है कि करीब 50 से अधिक स्कूलों के खिलाफ शिकायतें मिली थी, जिसमें 25 लोगों की शिकायतें सही पाई गईं हैं।
जवाब मिलने के बाद होगी कार्रवाई
डीसी प्रशासन की ओर से शहर के प्राइवेट स्कूलों में मिसयूज व वॉयलेशन को लेकर एस्टेट ऑफिस की ओर से रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके लिए स्कूल संचालकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। ब्रांच अधिकारियों की मानें तो जवाब मिलने के बाद सभी पर कड़ी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
प्राइवेट स्कूलों का हो रहा है सर्वे
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर शिकंजा कसने के लिए एस्टेट ऑफिस ने तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए 6 इंस्पेक्टर, 2 एसडीओ व 6 जेई को अपने-अपने एरिया में सर्वे करने के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 20 से 25 प्राइवेट स्कूलों को बिल्डिंग वॉयलेशन व मिसयजू को लेकर नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।