चंडीगढ़ अब रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पास के बाजार में जाकर अपने जरूरत का सामान खरीद सकेंगे। यूटी प्रशासन ने तीन दिन बाद कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। खरीदारी के लिए एक परिवार में से एक व्यक्ति को ही इजाजत दी गई है और वह भी पैदल ही पास के बाजार में जा सकेगा।
आदेशों के अनुसार अगर वह बाइक या कार लेकर गया तो पुलिस की तरफ से उसे जब्त कर लिया जाएगा। प्रशासन की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार आवश्यक वस्तुओं अनाज, किराने का सामान, फल, सब्जियां, दूध, मांस और मछली आदि की खरीद के लिए शहरवासी रोजाना दुकानों तक जा सकेंगे। यह सभी दुकान प्रशासन के अगले आदेश तक खुले रहेंगे।
बताया गया है कि संबंधित क्षेत्र के निवासी अपने सेक्टरों की मार्केट में आवश्यक सामान खरीद सकेंगे। बाजारों में भीड़भाड़ से बचने के लिए वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। इन बाजारों में शहरवासी पैदल ही जाएंगे। फल और सब्जियों का कारोबार करने वाले विक्रेताओं को भी इन बाजारों में जगह मिलेगी।
इन दुकानों पर आने वाले व्यक्तियों के बीच सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए, यह निर्णय लिया गया कि पहले से गठित सेक्टर रिस्पांस टीम, चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे। यह निर्णय शुक्रवार को प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। इस बैठक में एडवाइजर मनोज परिदा, डीजीपी संजय बेनीवाल समेत सभी आलाधिकारी मौजूद रहे।