चंडीगढ़ में अब प्राइवेट लैब में कोरोना जांच की दर घटा दी गई है। प्रशासन ने सोमवार को निजी लैब में कोरोना जांच का शुल्क निर्धारित किया। अब यहां पर 2000 रुपये में जांच हो सकेगी। हालांकि, अभी तक प्राइवेट लैब कोरोना जांच के लिए 4500 रुपये ले रहे थे। प्रशासन का मानना है कि जांच के दाम कम करने के बाद सरकारी अस्पतालों में होने वाली भीड़ पर रोक लगेगी। अब लोग खुद अपनी जांच करा सकेंगे।
चंडीगढ़ में सिर्फ एक ही प्राइवेट लैब है, जो कोरोना जांच कर रही है। सेक्टर-11 स्थित एसआरएल डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी में पिछले कई दिनों से कोरोना की जांच की जा रही है। एडवाइजर मनोज परिदा ने कोरोना की जांच के लिए यह अधिकतम दर तय की है। इससे पहले टेस्ट के लिए यहां पर 4500 रुपये लिए जा रहे थे। चंडीगढ़ में भले ही कोरोना जांच के लिए 2000 रुपये लिए जाएंगे, लेकिन कई राज्यों में 2400 रुपये लिए जा रहे हैं।
इससे पहले मुद्दा उठा था कि प्राइवेट लैब में कोरोना जांच की फीस काफी ज्यादा है। शहर के सरकारी अस्पतालों में कोरोना जांच मुफ्त में हो रही है। इस समय बड़ी संख्या में लोग प्राइवेट लैब में जांच करवा रहे हैं, लेकिन जांच की दर कम करने की भी मांग कर रहे थे।