चंडीगढ़। पीजीआई में स्टोर की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए चंद दिनों पहले 8 और स्टोर कीपर की नियुक्ति की गई है। पीजीआई प्रशासन जल्द ही उन्हें अलग-अलग यूनिटों में तैनाती देने वाला है। इनकी नियुक्ति से शाम 5 बजे बंद होने वाले सर्जिकल स्टोर के 24 घंटे खुलने की उम्मीद जग गई है क्योंकि अब तक पीजीआई प्रशासन स्टाफ की कमी का हवाला देकर सर्जिकल स्टोर को शाम 5 बजे बंद कर रहा है लेकिन नियुक्ति के बाद यह कारण बताना सही नहीं होगा।
अगर पिछले डेढ़ साल का रिकॉर्ड चेक किया जाए तो संस्थान में 16 महीने में 16 स्टोर कीपर तैनात किए गए हैं लेकिन व्यवस्था जस की तस है। 16 महीने पहले भी पीजीआई में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और संस्थान के कर्मचारियों को शाम 5 बजे के बाद सर्जिकल सामान के लिए बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा था, अब भी स्थिति वहीं है। जनता का कहना है कि अब मानव संसाधन बढ़ने के बाद संस्थान को सबसे पहले मरीजों के हित को ध्यान में रखकर निर्णय लेना होगा।
तब कहा गया था स्टाफ मिले तो खुलेगा स्टोर
पीजीआई में जुलाई 2021 में 8 स्टोर कीपरों की तैनाती की गई थी। इस संबंध में उस दौरान मुख्य स्टोर के प्रभारी का कार्य देख रहे अधिकारी का कहना था कि कोई भी नया कर्मचारी मुख्य स्टोर में नहीं मिला है। वे हॉस्टल, न्यूक्लीयिर मेडिसिन स्टोर व अन्य जगह चले गए हैं। जितने कर्मचारी पहले कार्यरत थे, उतने ही हैं। इनकी तैनाती डीडीए ऑफिस के अंतर्गत है। वहीं महज 16 महीने के अंदर फिर से 8 स्टोर कीपर तैनात किए गए हैं। ऐसे में अगर इस बार भी पीजीआई प्रशासन ने सर्जिकल स्टोर की अनदेखी की तो मरीजों के साथ उनके अपने कर्मचारियों की परेशानी दूर नहीं होगी।
स्टोर खुलने का समय
-सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक
-शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक
-अवकाश के दिन स्टोर नहीं खुलता
जनता बोली अब तो सुधरे व्यवस्था
मरीजों के साथ अपने कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखकर पीजीआई प्रशासन को तत्काल सर्जिकल स्टोर 24 घंटे खोलने का आदेश जारी करना चाहिए क्योंकि अगर अब ऐसा नहीं हुआ तो यह बात साफ हो जाएगी कि संस्थान प्रशासन ही नहीं चाहता कि स्टोर 24 घंटे खुले।
-राजीव कुमार, सेक्टर 32
सिविल और जिला अस्पतालों में सर्जिकल स्टोर शाम 5 बजे बंद नहीं होते। पीजीआई जैसे संस्थान की व्यवस्था समझ से परे है। डेढ़ साल में अगर 16 स्टोर कीपर मिले हैं तो सबसे पहले आवश्यकता के अनुसार सर्जिकल स्टोर में तैनाती सबसे पहले की जानी चाहिए।
-अशोक भूमिया, दीप कांप्लेक्स हल्लोमाजरा
कोट-
तैनात किए गए स्टोर कीपरों को एक दो दिन के अंदर नियुक्ति पत्र दे दिया जाएगा। उसके बाद ही तय होगा कि उनमें से कितनों को कहां तैनाती दी जाएगी। इसके लिए अलग-अलग विभागों से मांग आई है।
-कुमार गौरव, डीडीए व पीजीआई प्रवक्ता