चमरोड़ पत्तन बनेगा पर्यटन स्थल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
'मिनी गोवा' के नाम से प्रसिद्ध पठानकोट का चमरोड़ पत्तन आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखने रोजाना सैकड़ों लोग आते हैं। लोगों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए वन विभाग ने इस स्थान को पर्यटन स्थल में बदलने का निर्णय लिया है।
मंगलवार को चमरोड़ पत्तन में जेट स्की और माउंटेन बाइक का सफल ट्रायल किया गया। मनाली से आई टीम ने आरएसडी झील (रणजीत सागर बांध) पर स्थित चमरोड़ में यह प्रशिक्षण किया। यह प्रशिक्षण पूरी तरह से सफल रहा। पर्यटन विभाग ने इसे लोगों के लिए खोलने की अनुमति दे दी है। अब इस जगह पर लोग रोलिंग बैलून, पैरा सेलिंग और हॉट एयर बैलून की रोमांचक राइड का लुत्फ उठा सकेंगे।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंजाब में यह पहली साइट होगी, जहां पर लोग कुदरती नजारों के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग, जेट स्की, माउंटेन बाइक और रोलिंग बैलून का आनंद ले सकेंगे। हालांकि अभी इनका संचालन करने वाले वन विभाग के अधिकारियों ने पर्यटन विभाग से मंजूरी मांगी है।
वन विभाग के डिवीजनल फॉरेस्ट अफसर डॉ. संजीव तिवारी का कहना है कि वन विभाग का यही प्रयास है कि पठानकोट को पर्यटन स्थल के रूप में एक अलग पहचान मिले। यह सभी के लिए खुशी की बात है कि पंजाब में पहली जेट स्की, रोलिंग बैलून और माउंटेन बाइक शुरू होने जा रही है। इन सभी का सफल ट्रायल हो चुका है। जल्द ही इसे शुरू करवा दिया जाएगा।