28 मार्च से 5 अप्रैल तक चलने वाले मनसा देवी चैत्र नवरात्र मेले के लिए इस बार दुकानों की नीलामी नहीं होगी। वहीं कुछ निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। दुकानों के लिए इस बार कमेटी ड्रॉ निकालेगी। यह जानकारी डीसी एवं मनसा देवी श्राइन बोर्ड की मुख्य प्रशासक गौरी पराशर जोशी ने वीरवार को मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थित सभागार में मेले के संबंध में आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान वहीं दुकानदार अपनी दुकान लगा सकेगा। जिसे बोर्ड द्वारा दुकान अलॉट की जाएगी। वहीं मेला परिसर में कोई भी अवैध रूप से दुकान नहीं लगाएगा। अगर कोई ऐसी दुकान पाई गई तो उसे कमेटी उसे मेला स्थल से हटा देगी।
दूध का दान करें, चढ़ाने से बचें
उन्होंने बैठक में विशेष तौर पर यह भी कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा शिव मंदिर में दूध चढ़ाया जाता है, जिसके दृष्टिगत यह दूध किसी के काम नहीं आता। यह दूध मंदिर में दान करके गरीबों की मदद की जा सकती है। उन्होंने बताया कि मेले को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एडीसी मेले की ओवरआल इंचार्ज होंगी। इसके साथ-साथ उन्होंने एसडीएम की अध्यक्षता में इनफोर्समेंट कमेटी का गठन भी किया। जबकि तालमेल कमेटी का गठन नगराधीश की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने मॉनिटरिंग कमेटी का गठन भी किया।
पुलिस विभाग को विशेष निर्देश
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मनसा देवी व काली माता मंदिर परिसर कालका में मेला क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध करें, ताकि मेला में कानून एवं शांति व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन सही प्रकार से हो सके। इस बार पुलिस बल में जवानों की संख्या भी अधिक रखी जाए। जिला प्रशासन की ओर से हर क्षेत्र मेें अलग-अलग ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे। इसी प्रकार प्रोटोकोल अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे।
24 घंटे बिजली की व्यवस्था होगी
मनसा देवी मंदिर पंचकूला
- फोटो : अमर उजाला
डीसी ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे मेला क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति 24 घंटे करना सुनिश्चित करें। इसके साथ मेला परिसर में नियमित रूप से फॉगिंग की व्यवस्था की जाए। उपायुक्त ने परिवहन निगम हरियाणा व सीटीयू के अधिकारियों को कहा कि मेला के दौरान पर्याप्त संख्या में श्रद्धालुओं के लिए बसों की व्यवस्था करवाएं। इसमें सभी महत्वपूर्ण स्थानों से बसों का आवागमन उचित समय पर होना चाहिए।
पॉलिथीन का प्रयोग नहीं कर सकेंगे
डीसी ने मापतोल विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे मेले के दौरान नियमित दुकानदारों की चेकिंग करें। मेले के दौरान पॉलिथीन पर पूरी पाबंदी रहेगी और जिन विभागों के अधिकारियों को चालान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे पॉलिथीन प्रयोग करने वालों के चालान करें।
वीटा मिल्क प्लांट गुणवत्ता का ख्याल रखने को कहा
उन्होंने वीटा मिल्क प्लांट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वीटा बूथों पर उत्पाद गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। उपायुक्त ने कहा कि मेला के दौरान साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था होनी जरूरी है। इस मौके पर पर अतिरिक्त उपायुक्त हेमा शर्मा, एसडीएम जगदीप ढांडा, नगराधीश ममता शर्मा, एसीपी मनीश सहगल, श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल र्बोउ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीजी गोयल, सचिव सत्यनारायण वर्मा, कालका पृथ्वी सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।