अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक परगट सिंह ने केंद्र सरकार की ओर से कपास पर 11 फीसदी आयात शुल्क की छूट 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने के फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे भारतीय किसानों के हितों के खिलाफ बताया है। उन्होंने कहा कि जिस समय पंजाब के किसान छह महीने की कड़ी मेहनत के बाद अपनी कपास की फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, उस समय केंद्र ने यह झटका दिया है और विदेशी कपास के लिए भारतीय बाजार खोलकर घरेलू किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है। परगट ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन उनके फैसले विदेशी किसानों की भारतीय बाजार तक पहुंच बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ऑफ-सीजन के नाम पर दी गई आयात शुल्क की छूट अब फसल के सीजन में भी जारी रखी गई है। इससे अमेरिकी समेत विदेशी कपास भारतीय बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी होगी और पंजाब के किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य पानी में परेशानी का सामना करना पड़ेगा।