बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की खबरों के बाद चंडीगढ़ में दोनों पार्टियों के कार्यालयों में खुशी का माहौल देखने को मिला। बीजेपी के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय और शिरोमणि अकाली दल के सेक्टर-28 स्थित मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विज्ञापन
बीजेपी कार्यालय में अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को बधाई दी।
इस मौके पर बीजेपी और अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने गुरु साहिब का आशीर्वाद लेने के लिए गुरुद्वारा साहिब जाने का कार्यक्रम बनाया। दोनों पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लेने की बात कही। गठबंधन की खबरों के बीच दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की यह मुलाकात चंडीगढ़ के राजनीतिक माहौल में चर्चा का विषय बनी हुई है।