सेक्टर-37 में परिवार पर मानसिक आतंक, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। सेक्टर-37 की एक 55 वर्षीय महिला के घर में अश्लील पत्रों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा था। अलग-अलग नामों से भेजे गए इन पत्रों ने न केवल महिला को, बल्कि उसके पूरे परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया। आखिरकार सीसीटीवी फुटेज ने आरोपी की पहचान कर दी और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला ने बताया कि उनके इलाके के ही निवासी दिलीप कुमार कंसल लंबे समय से नाम बदलकर उन्हें और उनके परिवार को अश्लील पत्र भेज रहा था। इन पत्रों को पढ़ने के बाद उनकी बेटी और बेटे गहरी मानसिक पीड़ा से जूझने लगे। परिवार में तनाव का माहौल इतना बढ़ गया कि सामान्य जीवन प्रभावित हो गया।
डाकघरों की जांच से खुलासा
पीड़ित परिवार ने जब सेक्टर-17 के डाकघर से जानकारी मांगी तो पता चला कि सभी पत्र सेक्टर-23 डाकघर से भेजे गए थे। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी को पत्र भेजते हुए साफ देखा गया। इसी तरह सेक्टर-17 डाकघर के सुरक्षित फुटेज में भी उसकी पहचान पक्की हो गई। एक पत्र में आरोपी ने रमनीक नाम का इस्तेमाल किया था जिससे परिवार में भय का आलम इतना फैल गया कि महिला अपनी बेटी को कॉलेज तक नहीं भेज पाईं।
पुलिस ने तुरंत दर्ज किया केस
शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद दिलीप कुमार कंसल के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके। यह मामला महिलाओं और परिवारों पर हो रहे मानसिक उत्पीड़न की बढ़ती प्रवृत्ति को उजागर करता है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।