लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित लालड़ू के आईटीआई चौक पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं। इन कैमरों के बंद होने से पुलिस की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इन्हें जल्द ठीक करवाने की मांग की है। यह चौक हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। कैमरे खराब होने के कारण शरारती और अपराधी तत्व मौके का फायदा उठा रहे हैं, जिससे पुलिस के लिए नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आईटीआई चौक पर कैमरे लगाने वाली कंपनी और विभाग के अधिकारियों को इन्हें ठीक करने के लिए कई पत्र लिखे जा चुके हैं। कुछ वर्ष पहले पुलिस प्रशासन ने यातायात पर नजर रखने और आपराधिक घटनाओं की जांच में मदद के लिए ये कैमरे लगवाए थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन कैमरों की फुटेज कई मामलों में आरोपियों की पहचान करने और उनके आवागमन का पता लगाने में सहायक साबित हुई है। अब ये कैमरे केवल शोपीस बनकर रह गए हैं, जिससे चौक और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो गया है। संवाद
आईटीआई चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से बंद हैं। कैमरे चालू होने से किसी भी वारदात के बाद पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। सुरक्षा के लिहाज से इन्हें जल्द ठीक करवाना जरूरी है। -मनप्रीत सिंह भट्टी, एडवोकेट
पुलिस लोगों और दुकानदारों को अपने स्थलों पर सीसीटीवी लगाने के लिए जागरूक करती है। ऐसे में चौक पर पुलिस के लगाए कैमरों का बंद रहना चिंता का विषय है। इलाके और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कैमरों को जल्द चालू किया जाना चाहिए। - सुशील राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष, भाजपा
आईटीआई चौक से दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले कई मार्ग जुड़े हैं। यहां सीसीटीवी कैमरे चालू रहने से यातायात के साथ चोरी और अन्य वारदात पर भी नजर रखने में पुलिस को मदद मिलेगी।- राजेश राणा, एडवोकेट
उक्त आईटीआई चौक पर दप्पर टोल प्लाजा की ओर से सीसीटीवी कैमरों को लगवाया गया था जो पिछले दिनों से खराब हैं और जल्द ही टोल प्लाजा अधिकारियों को बोलकर कैमरों को ठीक करवाया जाएगा।- इंस्पेक्टर योगेश कुमार, थाना प्रभारी लालड़ू।