शहर के लोगों की सुविधा के लिए नगर निगम ने विभिन्न फेजों में स्थित मार्केटों की पार्किंग में सीसीटीवी लगाने का फैसला लिया है। यह कैमरे हाई रेसोल्यूशन और नाइट विजन वाले होंगे।
अगर सबकुछ सही रहा तो फरवरी माह में यह सारी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। निगम ने पहले चरण में उन मार्केटों में कैमरे लगाने की तैयारी की है। जिनमें पेड पार्किंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक लोगों की सुविधा और सेफ्टी के लिए कुछ मार्केटों में पेड पार्किंग करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पहले चरण में उन मार्केटों को चुना गया है, जहां पर हमेशा अधिक लोगों का आना-जाना रहता है। इसी कड़ी में फेज-3बी2, फेज-5, सात, नौ और 11 की मार्केट की मार्केट शामिल हैं।
निगम अधिकारियों के मुताबिक कैमरे लगाने का खर्च उसी कंपनी को उठाना पड़ेगा। जो पेड पार्किंग का ठेका लेगी। इसके अलावा कंपनी को अन्य कई पैरामीटर भी पूरे करने होंगे।
निगम ने फिलहाल एक साल के लिए पेड पार्किग का ठेका देने की योजना बनाई है। कंपनी के काम की निगम अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी।
निगम अधिकारियों के मुताबिक सीसीटीवी कैमरे पार्किंग के एंट्री और बाहर जाने वाले रास्ते पर लगेंगे। इससे जहां पार्किंग से गाड़ियां चोरी होने का खतरा कम होगा। मार्केट में पार्किंग को लेकर लड़ाई झगड़े भी खत्म हो जाएंगे।
कार के लिए पांच रुपये देने होंगे
निगम अधिकारियों के मुताबिक पार्किंग में आने वाले लोगों को गाड़ी खड़ी करने के लिए पैसे चुकाने होंगे। कार के लिए पांच रुपये भरने होंगे। स्कूटर व अन्य वाहनों के लिए दो रुपये की पर्ची होगी।
फिलहाल यह रेट प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें बदलाव भी किया जा सकता है। मार्केट के दुकानदारों के लिए पास सिस्टम शुरू करने की योजना भी है।
आचार संहिता से पहले होगी सारी कार्रवाई
नगर निगम के सूत्रों के मुताबिक मई में लोकसभा चुनाव होने हैं। उसके लिए फरवरी के अंत में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
ऐसे में निगम अधिकारियों की योजना है कि पेड पार्किंग की स्कीम उससे पहले ही शुरू की जाएगी। क्योंकि उसके बाद किसी भी तरह का कोई विकास कार्य नहीं हो पाएगा।
क्या कहते हैं अधिकारी
शहर की कुछ मार्केट में पेड पार्किंग शुरू की जाएगी। जिन मार्केट में पेड पार्किंग होगी। वहां कैमरे भी लगाए जाएंगे। इन पर होने वाला खर्च पार्किंग का ठेका लेने वाली कंपनी उठाएगी।
---बीडी सिंगला, एडिशनल कमिश्नर तकनीकी