चंडीगढ़। कॉर्मल कॉन्वेंट स्कूल में पेड़ गिरने से 10वीं की छात्रा हीराक्षी की मौत के बाद समाज कल्याण विभाग ने चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (सीसीपीसीआर) को सभी सरकारी स्कूलों में चाइल्ड सेफ्टी ऑडिट कराने का आदेश दिया था। ऑडिट इसलिए कराया गया ताकि भविष्य में स्कूलों में बच्चों के साथ ऐसा कोई हादसा न हो। सीसीपीसीआर ने एक एजेंसी की मदद से स्कूलों में ऑडिट कराया। अब इस ऑडिट की रिपोर्ट को हीराक्षी सोशल ऑडिट एप पर सीसीपीसीआर की ओर से अपलोड कर दिया गया है। इससे स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर अन्य सुविधाओं पर निगरानी रखना आसान होगा। सीसीपीसीआर की ओर से शुक्रवार को इस एप को लांच किया गया।
हीराक्षी सोशल ऑडिट एप गूगल प्ले स्टोर और एपल संस्करण पर जल्द ही उपलब्ध होगा। यह ऑनलाइन और वेब आधारित एप स्कूल परिसर के भीतर इमारतों, उपयोगिताओं, प्रयोगशालाओं, कैंटीन, पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रयोगशाला, खेल के मैदान सहित विभिन्न क्षेत्रों का एक व्यवस्थित, उद्देश्यपूर्ण और दस्तावेजी मूल्यांकन देगी। सीसीपीसीआर की चेयरपर्सन हरजिंदर कौर ने कहा कि यह एप विभिन्न मापदंडों पर स्कूलों की सुरक्षा की निगरानी और पहुंच के लिए एक वेब एप्लिकेशन है। इसे शिक्षा विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के उच्चाधिकारी भी एक्सेस कर सकेंगे ताकि पता चल सके कि कहां पर परेशानी है और किस स्तर पर काम नहीं हुआ है।