केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) में 10वीं बोर्ड की परीक्षा में चंडीगढ़ रीजन का पासिंग प्रतिशत 95.38 रहा है। रीजन से कुल 137343 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 130994 विद्यार्थी पास हुए। रीजन में लड़कों का पासिंग प्रतिशत 94.48 प्रतिशत और लड़कियों का 96.54 प्रतिशत रहा।
रीजन में कुल 438 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। 10वीं में चंडीगढ़ रीजन में 99.05 प्रतिशत के साथ जम्मू-कश्मीर पहले, 97.59 प्रतिशत के साथ पंजाब दूसरे, 91.59 प्रतिशत के साथ लद्दाख तीसरे और 82.42 प्रतिशत के साथ चंडीगढ़ अंतिम स्थान पर रहा। चंडीगढ़ रीजन में यूटी चंडीगढ़, पंजाब, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख शामिल है।
डॉक्टर बनना चाहते हैं नाहर रोहिल्ला
केबी डीएवी स्कूल के दसवीं के छात्र नाहर रोहिल्ला ने 99.8 प्रतिशत अंकों के साथ दसवीं की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में ट्राइसिटी में पहला स्थान हासिल किया है। नाहर के एसएसटी में 99 जबकि अन्य सभी विषयों में 100 में से 100 अंक हैं। नाहर की माता सरिता रोहिल्ला गृहिणी और पिता सिद्धार्थ रोहिल्ला एफसीआई में डीजीएम हैं।
उनका परिवार सेक्टर-35 में रहता है। नाहर ने बताया कि वे जीएमसीएच-32 से मेडिकल की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहते हैं। उनका कहना है कि दसवीं बोर्ड की तैयारियों के लिए सैंपल पेपर हल किए थे। बच्चों को टिप्स देना चाहूंगा कि कक्षा में नियमित रहें और शिक्षकों की गाइडेंस लेते रहे, विफल नहीं होंगे।
ट्राइसिटी में ये छात्र रहे दूसरे स्थान पर
ट्राइसिटी में 99.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहने वालों में दिल्ली पब्लिक स्कूल की वृंदा गुप्ता, मानव मंगल स्मार्ट स्कूल मोहाली की अदिति चौहान, माइंड ट्री स्कूल खरड़ की बलजोत कौर, दून इंटरनेशनल स्कूल मोहाली की उन्नत पन्नू और पंचकूला सेक्टर-15 भवन विद्यालय के साई गौरव साहू शामिल हैं।
ये छात्र ट्राइसिटी में तीसरे स्थान पर रहे
99.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान लेने वालों में शिवालिक पब्लिक स्कूल मोहाली की साहिबा जोशी और लर्निंग पाथ्स मोहाली की नवनीत कौर शाह, सेक्रेड हार्ट स्कूल चंडीगढ़ की रिद्धिमा मित्तल शामिल हैं।