यूटी पुलिस के चर्चित इंस्पेक्टर हरिंदर शेखों पर सीबीआई ने आय से अधिक संपत्ति रखने का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को सीबीआई टीम ने सेक्टर-36 स्थित उनके मकान पर रेड की और घर की तलाशी ली। काफी देर तक हरिंदर शेखों से सीबीआई टीम ने पूछताछ भी की है। फिलहाल हरिंदर शेखों चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा शाखा में तैनात हैं।
बताया जा रहा है कि सीबीआई को हरिंदर शेखों के खिलाफ एक शिकायत मिली थी। कहा गया था कि शेखों के पास आय से अधिक संपत्ति है। शिकायत पर सीबीआई पिछले दो महीने से गुपचुप तरीके से जांच कर रही थी। शुक्रवार को टीम ने उनके घर पर रेड की। इस दौरान सीबीआई को उनके घर से कुछ खास बरामद नहीं हुआ। सूत्रों की मानें तो उनके घर से 5 हजार रुपये बरामद हुए हैं। बता दें कि हरिंदर शेखों की पत्नी परमजीत कौर शेखों में चंडीगढ़ पुलिस में इंस्पेक्टर है।
पहले भी लगा था रिश्वत मांगने का आरोप
सीबीआई ने पहले भी इंस्पेक्टर सेखों से पूछताछ की थी, उस समय वे ऑपरेशन सेल के इंचार्ज हुआ करते थे। वह पूछताछ उससे एक दूसरे मामले में हुई थी। उस समय रामदरबार निवासी एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि ऑपरेशन सेल के दो कर्मचारी उसे झूठे केस में फंसाने के नाम पर डराकर पांच लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। उस पर दबाव बनाया जा रहा था कि आपरेशन सेल ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है जो उसका सहयोगी होने की बात कह रहा है। अगर रुपये नहीं दिए तो उसको भी केस में शामिल कर दिया जाएगा। इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस के दो कांस्टेबल, पूर्व डिप्टी मेयर के भाई और कबाड़ी कोकी उस पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। दीपक की शिकायत पर सीबीआई ने पूर्व मेयर के भाई और कबाड़ी कोकी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि कांस्टेबल पवन मौके से फरार हो गया था।